जमीन दिलाने के नाम पर महाराष्ट्र के कारोबारी से ठगे 60 लाख
गाजियाबाद। मसूरी में जमीन दिलाने के बहाने महाराष्ट्र के कारोबारी से 60 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उनके साथ साझेदारी में जमीन खरीदी और मुनाफे से दिल्ली के दो लोगों को बेच भी दी। बाद में पता चला कि विक्रेता और खरीदार एक ही गैंग के हैं। जिन्होंने उन्हें 60 लाख की चपत लगा दी। मसूरी पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
महाराष्ट्र के बड़गांव रोड यवतमाल निवासी मनोज जे. बुरडकर का कहना है कि जनवरी में उनके पास खुर्रम अली नाम के व्यक्ति का फोन आया। जमीन दिलाने की बात कहकर उसने उन्हें बुलाया। इसके बाद उनकी मुलाकात जमीन मालिक मुंशैद अली, बड़ोदरा गुजरात निवासी बाल मुकुंद पासवान और उज्जैन मध्यप्रदेश निवासी संदीप कार्निक से कराई गई। जमीन का सौदा साढ़े 25 हजार वर्ग मीटर के हिसाब से कराया। मनोज जे. का कहना है कि इन लोगों ने उनसे कहा कि जमीन को सभी लोग मिलकर खरीद लेते हैं। साथ ही उनके पास जमीन का खरीदार भी है। इसके बाद खुर्रम और आदिल ने उन्हें देहरादून निवासी जावेद अंसारी और दिल्ली चांदनी चौक निवासी एक व्यक्ति से मिलवाया। उनके साथ उसी जमीन का सौदा 33 हजार 750 वर्ग मीटर के हिसाब से कराया। इसके बदले में जावेद अंसारी ने 5 लाख रुपये एडवांस दिए। मनोज जे. का कहना है कि पैसे देखकर उन्हें विश्वास हो गया। उन्होंने 10 लाख का चेक और 50 लाख कैश दे दिए। वहीं, आदिल और खुर्रम ने 40 लाख रुपये नगद देना दिखाया। कुल मिलाकर मुंशेद अली के ऑफिस पर बाल मुकुंद पासवान, मुंशैद अली और संदीप कार्निक को एक करोड़ रुपये दिए गए। इसके बाद सौ रुपये के स्टांप पर लेनदेन का शपथ-पत्र बनवा दिया गया।
मनोज जे. का कहना है कि खरीदारों ने 45 दिन में जमीन खरीदने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद आरोपियों ने उनका फोन उठाना बंद कर दिया। उन्होंने खोजबीन की तो पता चला कि जिस जमीन का सौदा हुआ, वह मुंशैद अली की पुश्तैनी जमीन है और उस पर विवाद है। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा का कहना है कि खुर्रम अली, मुंशैद अली, बाल मुकुंद पासवान, संदीप कार्निक, आदिल प्रॉपर्टी डीलर और जावेद अंसारी समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।