इलेक्ट्रिक बस के 54 स्टैंड के लिए सर्वे शुरू
गाजियाबाद। महानगर के छह रूटों पर 50 इलेक्ट्रिक बसों को दौड़ाने की तैयारी तेज हो गई है। अक्तूबर तक शुरू होने वाली इलेक्ट्रिक बसों के लिए शहर में कुल 54 बस स्टैंड बनाए जाने हैं। रूटों के हिसाब से बस स्टैंड की जगह चिह्नित करने के लिए जल निगम की कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) यूनिट ने सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे की रिपोर्ट दो सप्ताह के अंदर आएगी। फिर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बनी स्पेशल परपज व्हीकल (एसपीवी) कमेटी में शामिल डीएम और परिवहन निगम के रीजनल मैनेजर की मंजूरी के बाद बस स्टैंड के निर्माण पर काम शुरू हो जाएगा।
इलेक्ट्रिक बस डिपो में तेजी से जारी है विद्युतीकरण का काम
अकबरपुरम-बहरामपुरम में इलेक्ट्रिक बस के डिपो में सिविल के बाद विद्युतीकरण का काम तेजी से जारी है। नगर निगम की 25 हजार वर्ग मीटर जमीन पर डिपो का निर्माण हो रहा है। निर्माण का जिम्मा जल निगम की सीएंडडीएस यूनिट संभाल रही हैं। डिपो में मेंटेनेंस शेड, मुख्य कार्यालय, आंतरिक सड़कें, पार्किंग एरिया, गार्ड रूम, पंप रूप और बाउंड्रीवॉल बनाने पर 5.08 करोड़ खर्च किए गए हैं। अब डिपो तक विद्युत लाइन बिछाने पर 4.21 करोड़ खर्च किए जाने हैं। वर्तमान में डिपो में बिजली लाइन के साथ विजयनगर के 132 केवी विद्युत सब-स्टेशन से विद्युत लाइन बनाकर डिपो तक लाई जा रही है। जलकल विभाग के जीएम व नोडल प्रभारी योगेश श्रीवास्तव का कहना कि बस स्टैंड के लिए स्थान चिह्नित करने का सर्वे दो सप्ताह में पूरा हो जाएगा।
सीसीटीवी व जीपीएस से होगी निगरानी
इलेक्ट्रिक बसों की निगरानी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी और जीपीएस से लैस किया जाएगा। परिवहन विभाग के आरएम कार्यालय में प्रस्तावित मॉनिटरिंग सेंटर से निगरानी की जाएगी। रूटों पर चलने वाली बसों की गतिविधियां नजर में होंगी। 25 सीटों वाली बसों में यात्रियों को एयर कंडीशन की सुविधा भी मिलेगी। एक बार चार्ज होने पर बस 180 किमी तक चलेगी।
इन रूटों पर प्रस्तावित हैं इलेक्ट्रिक बस का संचालन
पहले चरण में 10 में से छह रूटों पर इलेक्ट्रिकस बस के संचालन की योजना है। पहले छह रूटों में 40 किमी लंबा आनंद विहार से मुरादनगर, 30 किमी लंबा आनंद विहार से एएलटी सेंटर, 20 किमी लंबा दिलशाद गार्डन से गोविंदपुरम, 17 किमी लंबा दिलशाद गार्डन से लालकुआं, 28 किमी का गोविंदपुरम पुलिस लाइन से नोएडा सिटी सेंटर और 12 किमी का लोनी टीला मोड़ भोपुरा से नया बस अड्डा रूट शामिल है।