संकट के समय में जीवनदायी बना भोजपुर का ऑक्सीजन प्लांट
गाजियाबाद। मुश्किल समय में जब जान बचाने के लिए लोगों को ऑक्सीजन नहीं मिल पा रही है। कई शहरों में मारामारी है और लोगों को ऑक्सीजन नहीं मिल पा रही है। ऐसी विषम परिस्थिति में भोजपुर (गाजियाबाद) में संचालित ऑक्सीजन प्लांट वरदान साबित हो रहा है। प्लांट से मध्यप्रदेश के साथ ही प्रदेश के तमाम जिलों को ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। प्लांट पूरी क्षमता के साथ ऑक्सीजन का उत्पादन कर रहा है, जिसके बाद लखनऊ, मुरादाबाद और मेरठ को ऑक्सीजन मिल पा रही है। बृहस्पतिवार को प्लांट से 13 टैंकर विभिन्न प्रदेशों के लिए रवाना किए गए। इनमें से 11 टैंकर अकेले मध्य प्रदेश को भेजे गए हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम अजय शंकर पांडेय व एसएसपी अमित पाठक ने भोजपुर में संचालित इनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के ऑक्सीजन का निरीक्षण किया। जहां पर जानकारी दी कि गई प्लांट की क्षमता 150 टन की है, जिससे नियमित रूप से सप्लाई की जा रही है। मध्यप्रदेश के साथ ही गाजियाबाद, मेरठ और मुरादाबाद को भी तीन टैंकरों से 37 मैट्रिक टन ऑक्सीजन की सप्लाई की गई है। 15 अप्रैल को यूपी को 57 मैट्रिक टन की सप्लाई दी गई है। इसी बीच स्थिति को देखते हुए डीएम ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देश दिया कि वह प्लांट में 24 घंटे के लिए एक अधिकारी नियुक्त करें, जिससे की आपूर्ति नियमित रूप से हो सके। प्लांट से हो रही आपूर्ति का रिकॉर्ड भी रखा जाए कि सुनिश्चित हो कि नियमित रूप से ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है। नियमित रूप से सप्लाई के लिए उत्पादन कंपनी व ऑक्सीजन सप्लायरों की आज यानी शुक्रवार को बैठक बुलाई है।