बेटी के विवाह का कार्ड बांटने गए पिता को खींच ले गई मौत
गाजियाबाद। विजयनगर बाईपास पर अनियंत्रित मालवाहक वाहन से हुई सड़क दुर्घटना ने मृतक हरिओम शर्मा के परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हरिओम शर्मा बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले थे, लेकिन घर नहीं लौट पाए। घर में पहली शादी की तैयारी पूरी हो चुकी थीं, लेकिन पिता को नहीं पता था कि वह अपनी बेटी के हाथ पीले होते नहीं देख पाएंगे। इससे पहले ही उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
लालकुआं के पास राधा कॉलोनी में रहने वाले हरिओम शर्मा (60) के परिवार में पत्नी के अलावा बड़ी बेटी स्वाति और एक करीब 10 साल का बेटा है। हरिओम की बेटी स्वाति की शादी तय हो चुकी थी। 16 फरवरी को धौलाना क्षेत्र से उसकी बरात आनी थी। पिता ने नाजों से पाली बेटी की शादी की सभी तैयारी पूरी कर ली थीं। घर में खुशियों का माहौल था। हरिओम शर्मा बेटी की शादी में रिश्तेदारों और संगे-संबंधियों को न्योता देने को कार्ड बांटने निकले थे। दिन भर कार्ड बांटने के बाद वह शाम करीब चार बजे घर लौट रहे थे। इसी दौरान विजयनगर बाईपास पर हादसा हो गया और हरिओम शर्मा भी उस अनियंत्रित कैंटर की चपेट में आ गए, जिसने उनके साथ-साथ कई अन्य लोगों की जान ले लीं। हरिओम की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया है। जिस बेटी को शादी के बाद पिता से बिछुड़ने के दौरान विदाई पर रोना था, उसे अब पिता की मौत पर आंसू बहाने पड़ रहे हैं। बेटी की विदाई देखने से पहले ही हरिओम इस सभी को छोड़कर चले गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बहन का सहारा थीं रीमा, 3 बेटियों से भी छिना मां का साया
गाजियाबाद। विजयनगर बाईपास पर हुए हादसे का शिकार हुई रीमा (40) की मौत से न सिर्फ तीन बेटियों के सिर से मां का साया उठ गया, बल्कि बहन का सहारा भी छिन गया। नोएडा के एक कॉल सेंटर में महिला सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने वाली रीमा बागपत की रहने वाली थी और फिलहाल अपनी विधवा बहन दीपा के साथ रहती थी। परिजनों के मुताबिक रीमा और दीपा दोनों प्रताप विहार में रहती थीं। रीमा की एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां उनके साथ रहती थीं। रीमा पति से अलग अपनी बहन दीपा के साथ रहती थी। तीन माह पहले दीपा के पति की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। बच्चों के साथ-साथ अब रीमा ही उसका सहारा थी। परिजनों के मुताबिक रीमा और दीपा दोनों रविवार की शाम ड्यूटी से लौट रही थी। दोनों बहनें को अनियंत्रित मालवाहक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में रीमा की मौत हो चुकी है, जबकि दीपा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
बहन को अंतिम विदाई भी न दे पाएगी दीपा
इस सड़क हादसे में बड़ी बहन रीमा की मौत हो चुकी है। छोटी बहन दीपा की हालत गंभीर है और उनका इलाज चल रहा है। सोमवार को रीमा का अंतिम संस्कार किया जाएगा, लेकिन दीपा अपनी बड़ी बहन को अंतिम विदाई भी न दे पाएगी। दीपा को अभी पता भी नहीं है कि अब उसकी बड़ी बहन रीमा इस दुनिया में नहीं रही।