गाड़ी बेचने के नाम पर 2.30 लाख रुपये हड़पे
गाजियाबाद। मसूरी के रसूलपुर सिकरोड़ा निवासी रिजवान ने डासना निवासी रोशन पर गाड़ी बेचने के नाम पर 2.30 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। रिजवान का कहना है कि रोशन ने अपनी कार बेचने का सौदा किया। उन्होंने रोशन को रुपये दे दिए लेकिन उसने न कार दी और न रुपये वापस लौटाए। रोशन से रुपये वापस मांगे तो उसने जान से मारने की धमकी दी।
रिजवान ने बताया कि कार का सौदा होने के बाद उन्होंने दो मार्च 2022 को यूनियन बैंक का 80 हजार रुपये का डीडी और 1.50 लाख रुपये नकद दिए थे। इसके बाद 31 मार्च को एग्रीमेंट हुआ, लेकिन इसके बाद रोशन ने उन्हें कार नहीं दी। कार मांगने पर वह टालमटोल करता रहा। कार नहीं देने पर उन्होंने रुपये वापस मांगे तो उसने मना कर दिया। रिजवान ने बताया कि एग्रीमेंट उनके नाम पर हो गया ऐसे में कोई अप्रिय घटना कर वह उन्हें फंसा सकता है। मसूरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।