सस्ता प्लॉट दिलाने का झांसा देकर रिटायर्ड अफसर से 6 लाख हड़पे
गाजियाबाद। नंदग्राम निवासी सेवानिवृत्त अधिकारी को प्लॉट बेचने के नाम पर फर्जी बैनामा कराकर 6 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। बैनामा होने पर सेवानिवृत्त अधिकारी प्लॉट पर कब्जा लेने पहुंचे तो उन्हें धोखाधड़ी की जानकारी हुई। आरोपियों ने प्लॉट का फर्जी बैनामा कराकर उनसे रुपये ले लिए। आरोप है कि पीड़ित ने उनसे जब रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। इस मामले की मसूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पीड़ित भगवत सिंह यूपीएससी से जेएसए पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्हें एक प्लॉट खरीदना था, इसके लिए उनके एक परिचित ने सोनू, नरेश और सुंदर से बात कराई, जो प्लाट खरीदने बेचने का काम करते हैं। उन्होंने डासना के इंद्रगढ़ी में एक 50 वर्ग गज का प्लॉट बताया। मौके पर देखने गए तो उन्होंने आकाश नगर बाबा साहब वाली गली में प्लॉट दिखाया। वहां से वापस लौटने पर 6 लाख रुपये में प्लॉट का सौदा हो गया और 25 हजार रुपये कमीशन की बात हुई। सौदा होने पर उन्होंने प्लॉट के पूर्व बैनामे का कागज मांगा तो नरेश, सोनू और सुंदर ने बैनामे की फोटो कॉपी दे दी। विश्वास में लेकर आरोपियों ने उनसे 15 हजार रुपये एडवांस ले लिए और रजिस्ट्री के लिए 5.65 लाख व 25 हजार रुपये कमीशन के ले लिए। इसके बाद 31 दिसंबर 2021 को रजिस्ट्री करा दी। इसके बाद वह मौके पर प्लॉट पर कब्जा लेने गए तो आस पड़ोस के लोगों ने बताया कि यह प्लॉट सुंदर का नहीं है। बाद में उनसे बात की तो सुन्दर, नरेश व सोनू ने कहा कि मौके पर तो हमें ही कब्जा नहीं मिला था हम लोग तो इस बैनामे के आधार पर लोगों से रुपये लेते हैं। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। मसूरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।