22वीं मंजिल से 18वीं मंजिल पर गिरी लिफ्ट, एक घायल
गाजियाबाद। क्रासिंग रिपब्लिक की पंचशील वेलिंगटन सोसायटी में बुधवार रात करीब सवा आठ बजे 22वीं मंजिल से 18वीं मंजिल पर लिफ्ट गिर गई। जिसमें 4 लोग 40 मिनट तक फंसे रहे। इस दौरान सोसायटी निवासी अंकित के कमर में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों ने विजयनगर थाने में भी शिकायत की है।
सोसायटी निवासी राजकुमार राठी ने बताया कि बुधवार रात 8 बजकर 10 मिनट पर टावर-2ए की लिफ्ट से चार लोग 22वीं मंजिल से नीचे आ रहे थे। लिफ्ट में तीन बाहरी लोग व अंकित मौजूद थे। अचानक लिफ्ट खराब हो गई और झटके के साथ 18वीं मंजिल पर आकर रुक गई। इस दौरान चारों लोग घबरा गए, धड़ाम की आवाज सुनकर मौके पर सोसायटी केलोग पहुंच गए और मेंटेनेंस विभाग के कर्मचारियों को बुलवाया। करीब 40 मिनट बाद लॉक खोलकर चारों को बाहर निकाला गया। लोगों ने बिल्डर के खिलाफ आक्रोश जताते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस देर रात तक पूछताछ और जांच पड़ताल करती रही।
मेंटेनेंस मैनेजर अवधेश सिंह ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण लिफ्ट खराब हो गई थी। सूचना मिलने पर मौके पर लिफ्ट ऑपरेटर ने पहुंचकर लिफ्ट का लॉक खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि लिफ्ट कुछ देर बाद सामान्य रुप से संचालित हो गई थी। लिफ्ट में कोई तकनीकी समस्या है तो जिस कंपनी की लिफ्ट है उनसे संपर्क कर समाधान कराया जाएगा। आरोप है कि स्थानीय निवासियों ने लिफ्ट ऑपरेटर के साथ मारपीट कर उसे बंधक बना लिया। पुलिस के पहुंचने के बाद जिसे छोड़ा गया।