जीटी रोड पर घंटाघर मार्केट के पास लगा जाम।
खरीदारी करने निकले, जाम में फंसे
गाजियाबाद। त्योहारी सीजन के मद्देनजर जारी किया गया डायवर्जन प्लान बेअसर साबित हो रहा है। शनिवार को भी शहर जाम की गिरफ्त में रहा। मुख्य मार्गों के अलावा संपर्क मार्गों भी वाहनों की कतारें लग गईं। जिसके चलते जाम में आम लोगों के साथ-साथ एंबुलेंस भी फंसी दिखाई दी। सबसे बुरे हालात जीटी रोड व अंबेडकर रोड पर देखने को मिले। यहां ट्रैफिक पुलिस भी जाम खुलवाने में जूझती नजर आई।
धनतेरस, दीपावली पर ट्रैफिक सुचारू रखने तथा लोगों को जाम के झाम से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने लालकुआं और मोहनगर की तरफ से आने वाले बड़े व भारी वाहनों को शहर में प्रतिबंधित किया था। साथ ही चौधरी मोड़ से नया बस अड्डा के बीच ऑटो व टैंपो का संचालन ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर के ऊपर से होना है। यह डायवर्जन प्लान 7 नवंबर तक प्रभारी रहना है। शनिवार को सड़क किनारे व नो पार्किंग में खड़े वाहनों से जीटी रोड व अंबेडकर रोड पर हालात बदतर हो गए। इसके अलावा मेरठ तिराहा, हापुड़ मोड़, मालीवाड़ा चौक, हापुड़ चुंगी, गांधीनगर मार्केट, नेहरू नगर आदि स्थानों पर जाम की स्थिति देखने को मिली।
पार्किंग का इस्तेमाल नहीं कर रहे लोग
ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए पुलिस ने आंबेडकर रोड पर नेहरू युवा केंद्र और जीटी रोड पर घंटाघर रामलीला मैदान में अस्थायी पार्किंग बनाई है। इसके बावजूद लोग पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने की बजाय वाहनों को सड़क किनारे या नो पार्किंग में खड़ा कर रहे हैं। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि रोजाना नो पार्किंग के करीब 300 चालान हो रहे हैं। रविवार से चालान की संख्या बढ़ाकर हर प्वाइंट पर ट्रैफिककर्मी तैनात किए जाएंगे।