56 दिन बाद 24 घंटे में मिले सात संक्रमित
गाजियाबाद। संभल जाइए, कोरोना संक्रमण ने फिर से जिले में पैर पसारना शुरू कर दिया है। 56 दिन बाद 24 घंटे के अंदर कोरोना के सात मरीज मिले हैं। दो परिवारों के 12 सदस्य लद्दाख से घूमकर लौटे तो वे बुखार की चपेट में आ गए। जांच में पांच सदस्यों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जबकि दो मरीज नोएडा के रहने वाले हैं। इनकी रिपोर्ट पोर्टल पर अपडेट हुई है। एक दिन में सात मरीजों की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग भी सकते में आ गया है, क्योंकि पिछले पांच दिन से जिले में एक भी नया मरीज नहीं था। इसलिए जिला जिला कोरोना संक्रमण मुक्त होने की स्थिति में पहुंच गया था।
वहीं, पहले से संक्रमित तीन मरीज सोमवार को ठीक हो गए। इससे स्वास्थ्य विभाग को संभावना थी कि सोमवार को ही गाजियाबाद कोरोना मुक्त हो जाएगा। संक्रमित मिले मरीजों में दो का दिल्ली व दो का संतोष अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि तीन होम आइसोलेशन में हैं। पांचों के सैंपल जिनोम सिक्वेंसिग के लिए भेज दिए गए हैं। इनके संपर्क में आए 60 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
लद्दाख से लौटते ही बुखार ने जकड़ार
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रामप्रस्थ निवासी परिवार अपने करीबी सूरजमल विहार में रहने वालों के साथ लद्दाख घूमने गया था। वहां से लौटने के बाद सभी को बुखार आ गया। सूरजमल विहार निवासी परिवार ने पहले कोरोना जांच कराई तो दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद रामप्रस्थ वाले परिवार ने जांच कराई। उस परिवार में भी पति, पत्नी और बेटे में संक्रमण की पुष्टि हुई। सातों संक्रमितों के संपर्क में आने वाले करीब 50 लोगों की जांच के लिए सैंपल लिए गए हैं। इनमें से दो संक्रमितों को हालत बिगड़ने पर दिल्ली स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो संक्रमितों को संतोष अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन संक्रमितों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।
अब तक मिले 55636 संक्रमित
जिले के 43 लाख की आबादी में अब तक 1652779 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। मार्च 2020 से लेकर 30 अगस्त 2021 तक कुल 55636 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। अब तक 55167 लोग इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। सोमवार को तीन संक्रमित डिस्चार्ज हुए हैँ।
19.89 लाख का हुआ टीकाकरण
जिले में 28 लाख की अपेक्षा 19.89 लाख लोगों का टीकाकरण हो चुका है। सोमवार को जिले में 116 केंद्रों पर 29314 लोगों का टीकाकरण हुआ। जबकि मंगलवार को भी 124 केंद्रों पर 30 हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य है।
संक्रमण नियंत्रण में, सावधानी जरूरी
सोमवार को 3475 लोगों की जांच रिपोर्ट आने पर तीन संक्रमित मिले हैं। दो की रिपोर्ट 27 अगस्त की है और दो मरीज नोएडा से पुराने रिकार्ड में अपडेट किए गए हैं। संक्रमण का जो मामला सामने आता है, उसमें शतप्रतिशत कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। परिवार के सदस्यों, वर्क प्लेस पर काम करने वाले सहयोगी, मित्र और पिछले 10 दिनों के दौरान मिलने वाले अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
- डॉ. आरके गुप्ता, जिला सर्विलांस अधिकारी
आठ माह में कोरोना संक्रमण
जनवरी 2021 - 501
फरवरी 179
मार्च 587
अप्रैल 14,091
मई 14,991
जून 324
जुलाई 65।
अगस्त अब तक 25 संक्रमित
पिछले तीन महीने में संक्रमण दर
जून में संक्रमण दर 0.23 प्रतिशत
जुलाई में 0.05 प्रतिशत
अगस्त में यह 0.02 प्रतिशत