संयुक्त अस्पताल के पीकू की तर्ज पर प्रदेश में बनेंगे सेंटर
गाजियाबाद। कोरोना की तीसरी लहर में संक्रमित बच्चों के इलाज के लिए संयुक्त अस्पताल में तैयार किए गए पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट (पीकू) और आईसीयू की तर्ज पर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में बनाए जाएंगे। यह जानकारी स्टेट सर्विलांस ऑफिसर डॉ. विकासेंदु अग्रवाल ने दी। उन्होंने अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद के निर्देश पर सोमवार को संयुक्त अस्पताल का दौरा किया। अस्पताल में बने पीकू और आईसीयू का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आईएमए के सहयोग से स्टाफ को जल्द ही विशेष प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया।
शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए दौरा किया था। इसके बाद उन्होंने स्टेट सर्विलांस ऑफिसर को संयुक्त अस्पताल में बने पीकू का निरीक्षण और व्यवस्थाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया था, जिससे पूरे प्रदेश में संयुक्त अस्पताल की तर्ज पर पीकू और आईसीयू बनाए जा सकें।
15-15 बेड की है व्यवस्था
कोविड लेवल-2 के प्रभारी डॉ. सूर्यांशु ओझा ने बताया कि वर्तमान में पीकू और आईसीयू में 15-15 बेड की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगने के बाद सभी बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा है। अन्य जरूरी संसाधन भी जुटाए गए हैं। बेड की संख्या जरूरत के अनुसार बढ़ाई भी जा सकती है।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय तेवतिया ने बताया कि स्टेट सर्विलांस ऑफिसर ने आईएमए के सहयोग से पीकू और नीकू के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर पीडियाट्रीशियन को प्रशिक्षण दिलवाने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, फिजिशियन डॉ. आरसी गुप्ता, आरडी यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।