नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में पेश होगा 2021 का बजट
गाजियाबाद। नगर निगम जल्द ही शहर के विकास के लिए नए साल का बजट पेश करेगा। इस बजट में तय होगा कि कोरोना संक्रमणकाल में थमा विकास का पहिया इस चुनावी साल में कितनी रफ्तार से घूमेगा। नगर निगम के लेखा विभाग के अधिकारियों ने बजट तैयार कर लिया है। तीन मार्च को कार्यकारिणी समिति की बैठक में इस बजट को पेश किया जाएगा।
बीते दिनों नगर निगम ने मौजूदा वित्तीय वर्ष का पुनरीक्षित बजट बोर्ड की बैठक में पेश किया था। हालांकि इस बजट का कोई ज्यादा महत्व नहीं रहा। इस बजट में तय किए गए अधिकांश कार्य हो चुके थे। मार्च 2020 से फरवरी 2021 तक नगर निगम का साल विकास कार्यों के लिहाज से सुस्त रहा। नगर निगम जहां हर साल प्रत्येक वार्ड में एक-एक करोड़ के कार्य कराता था, वहीं इस साल अभी तक एक भी रुपये का काम नहीं हुआ। वार्ड का कोटा भी एक करोड़ से घटाकर महज 20 लाख रुपये का दिया गया था। ऐसे में सभी पार्षदों के साथ-साथ शहर की जनता की भी निगाहें नगर निगम के अगले साल के बजट पर टिकी हुई हैं। महापौर ने निगम अधिकारियों को तीन मार्च को कार्यकारिणी समिति की बैठक बुलाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद से निगम अधिकारियों ने बैठक का एजेंडा तैयार करना शुरू कर दिया है।
2022 में होगा नए सदन का गठन, पार्षदों को चिंता
वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद नगर निगम के चुनाव भी होने हैं। ऐसे में पार्षदों को फिर से चुनाव में उतरकर जनता का सामना करना है। यही वजह है कि पार्षदों को चुनाव से पहले इस अंतिम वर्ष में वार्डों में बंपर विकास कार्य कराकर जनता की शिकायतों को दूर करना चाहते हैं। ऐसे में पार्षदों को उम्मीद है कि इस साल वार्ड कोटा बढ़ाया जा सकता है। वहीं चिंता इस बात की है कि यदि वार्ड कोटे में इस बार भी कटौती कर दी गई तो जनता की शिकायतों का सामना करना मुश्किल हो जाएगा।