लिच्छवी, फरक्का समेत 8 ट्रेनें बीच रास्ते रोकी जाएंगी, 2 का रास्ता बदलेगा
गाजियाबाद। सीतामढ़ी-आनंद विहार लिच्छवी एक्सप्रेस, मालदा टाउन-दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस समेत 8 ट्रेनों को आज बीच रास्ते 10 मिनट से 2:30 घंटे के लिए रोका जाएगा। इनके अलावा दो अन्य ट्रेनों को बदले रास्ते से चलाया जाएगा। चिपियाना आरओबी पर गर्डर जोड़ने के लिए तीन घंटे रेल ट्रैफिक बाधित रहेगा। इसकी वजह से दिल्ली-टूंडला रूट पर ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार के मुताबिक बृहस्पतिवार को चिपियाना में निर्माणाधीन आरओबी पर 115 मीटर लंबे गर्डर को पिलर्स से जोड़ने का काम किया जाएगा। इसके लिए तीन घंटे का रेल ट्रैफिक और पावर ब्लॉक रहेगा। इसकी वजह से बृहस्पतिवार को प्रयागराज संगम से चंडीगढ़ के बीच चलने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस को खुर्जा से मेरठ, सहारनपुर, अंबाला की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। यह ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन पर नहीं आएगी। इसके अलावा दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस को बाराबंकी से लखनऊ-मुरादाबाद की ओर भेजा जाएगा। यह ट्रेन मुरादाबाद-हापुड़ के रास्ते गाजियाबाद आएगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस को टूंडला और मारीपत के बीच 140 मिनट, पुरी-नई दिल्ली एक्सप्रेस को डेढ़ घंटे, गया-नई दिल्ली महाबोधि एक्सप्रेस को 70 मिनट, कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल को 60 मिनट, लिच्छवी एक्सप्रेस को 40 मिनट, मालदा टाउन-दिल्ली फरक्का एक्सप्रेस को 35 मिनट, सहरसा-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस को 15 मिनट और कनपीर-भिवानी कालिंदी एक्सप्रेस को 10 मिनट तक टूंडला से मारीपत के बीच रोका जाएगा।