दिलशाद गार्डन-मसूरी रूट पर 25 मिनट में मिलेगी इलेक्ट्रिक बस
गाजियाबाद। दिलशाद गार्डन-मसूरी रूट पर अब हर 25 मिनट के अंतराल पर इलेक्ट्रिक बस मिलेगी। सिटी बस संचालन के लिए बनी एसपीवी ने इस रूट पर बसों की संख्या पांच से बढ़ाकर नौ कर दी हैं। अब यात्रियों को इन बसों में सफर करने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
शहर में फिलहाल 29 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। इन बसों को चार रूटों पर चलाया जा रहा था। इनमें से 10 बसें पुराना बस अड्डे से लोनी, 10 कौशांबी से मोदीनगर, पांच दिलशाद गार्डन से मसूरी और चार पुराने बस अड्डे से भजनपुरा तक चलाई जा रही थीं। भजनपुरा रूट पर यात्रियों की संख्या बेहद कम होने की वजह से एसपीवी ने इस रूट को खत्म कर दिया है। इस रूट पर चलाई जा रहीं चार इलेक्ट्रिक बसों को दिलशाद गार्डन-मसूरी रूट पर भेज दिया गया है।
इलेक्ट्रिक बस डिपो इंचार्ज पीआर बिलवारिया ने बताया कि अब शहर में तीन रूटों पर इन बसों का संचालन किया जा रहा है और तीनों रूट पर बसों की संख्या लगभग समान हो गई हैं। उनका कहना है कि बसों की संख्या बढ़ने के बाद दिलशाद गार्डन-मसूरी रूट पर भी यात्रियों की संख्या बढ़ी हैं। रूट पर बसों के फेरे बढ़ने की वजह से अब प्रत्येक 20 से 25 मिनट के अंतराल पर यात्रियों को इलेक्ट्रिक बस मिल रही है।
सबसे अच्छा रिस्पांस लोनी रूट पर
इलेक्ट्रिक बसों को सबसे अच्छा रिस्पांस पुराना बस अड्डा-लोनी रूट पर मिल रहा है। इस रूट पर पब्लिक ट्रांसपोर्ट के नाम पर ऑटो और चंद प्राइवेट बसें थी। अब लोग ऑटो को छोड़ इलेक्ट्रिक बसों में सफर करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। भीषण गर्मी में यह वातानुकूलित बसें लोगों का सफर सुहाना बना रही हैं। लोग इन बसों के लिए इंतजार भी कर रहे हैं, लेकिन ऑटो में सफर नहीं कर रहे हैं।