डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन को राजनगर एक्सटेंशन की 20 सोसायटियां नहीं तैयार
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से राजनगर एक्सटेंशन की विभिन्न सोसायटियों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए नियुक्त एजेंसी का विरोध लगातार जारी है। प्राधिकरण के नोटिस के बावजूद करीब 20 सोसायटियां कूड़ा उठवाने के लिए तैयार नहीं है। ऐसे में प्राधिकरण इन सोसायटियों को नए सिरे से नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। प्राधिकरण की कूड़ा कलेक्शन की नई व्यवस्था के खिलाफ फेडरेशन ऑफ एओए राजनगर एक्सटेंशन ने कड़ा रुख अपनाया हुआ है।
दूसरी ओर प्राधिकरण के पहले नोटिस का कई सोसायटियों पर असर पड़ा है। जीडीए अधिकारियों की मानें तो 25 सोसायटियों से कूड़ा कलेक्शन शुरू हो गया है। इससे अधिकारियों के साथ एजेंसी को राहत मिली है। बता दें कि जीडीए की ओर से नियुक्त एजेंसी की ओर से कूड़ा कलेक्शन पर 60 रुपये प्रतिमाह एक फ्लैट से लिया जा रहा है। कूड़ा कलेक्शन के साथ निस्तारण को एजेंसी से प्लांट लगाया है।
----
फेडरेशन बोला, बिल्डर लगाए कूड़ा निस्तारण प्लांट:
फेडरेशन अध्यक्ष गजेंद्र आर्या का कहना है कि सभी सोसायटियों में बिल्डर को नियमानुसार कूड़ा निस्तारण प्लांट लगाने थे। जीडीए प्लांट नहीं लगाने वाले बिल्डरों पर कार्रवाई करने की जगह भवन आवंटियों पर कूड़ा कलेक्शन का एक और भार डाल रहा है। एक्सटेंशन की जिन भी सोसायटियों में एओए गठित है, वहां डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं होने दिया जा रहा है। ऐसी सोसायटियां जहां का रखरखाव बिल्डर के पास है तो वहां से कूड़ा एकत्रित करवाया जा रहा है। फेडरेशन का साफ कहना है कि प्राधिकरण सोसायटियों पर दवाब बनाने की जगह बिल्डर को कूड़ा निस्तारण का नियम मानने को बाध्य करे। समस्या खुद खत्म हो जाएगी।
---
इन सोसायटियों को जारी किया गया था नोटिस:
जीडीए ने राजनगर एक्सटेंशन की आशियाना पाम कोर्ट, गुलमोहर गार्डन, अजनारा ग्रेस, हाईंड पैराडाइज, स्टार रामेश्वर, केएम, एआर रिफ्लेशन, क्लासिक रेजीडेंसी, गौर कास्केड्स, नित्या होम, ऑफीसर्स सिटी, एसजी इम्प्रेशन, रिवर हाइट्स, प्लेटिनम 321, राजनगर रेजीडेंसी, क्वांटम होम, मिलन अर्थ, केडब्ल्यू सृष्टि, औरा चमेरा, श्रीराम हाइट्स, ज्योति सुपर विलेज, ग्रीन ब्लू हाईट्स, वीवीआईपी होम्स, ब्लू होम्स, फॉर्च्यून रेजीडेंसी, एमसीसी सिग्नेचर होम्स, चार्म्स कैसल्स, एमजीआई घरोंदा, केडीपी ग्रांड सवाना, बालमुकुंद, अग्रवाल हाईट्स सोसायटी शामिल हैं।
---