आनंद विहार से लखनऊ के बीच फिर शुरू होगा डबल डेकर ट्रेन का संचालन
गाजियाबाद। आनंद विहार से लखनऊ के बीच चलने वाली डबल-डेकर एसी ट्रेन का संचालन दो साल बाद 10 मई से फिर शुरू होगा। यह ट्रेन करीब 8 घंटे में दिल्ली से लखनऊ तक का सफर पूरा करेगी। यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन चलेगी। इससे गाजियाबाद और नोएडा के यात्रियों को सहूलियत होगी। नोएडा से लखनऊ जाने वाले लोग आनंद विहार या गाजियाबाद से इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे।
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार ने बताया कि लखनऊ से यह डबल डेकर ट्रेन 10 मई की सुबह सुबह 4:55 बजे रवाना होगी और बरेली, मुरादाबाद होते हुए दोपहर 12:23 बजे गाजियाबाद स्टेशन पहुंचेगी। दो मिनट के स्टॉपेज के बाद यह ट्रेन रवाना हो जाएगी और दोपहर 12:55 बजे आनंद विहार स्टेशन पहुंच जाएगी। वापसी में आनंद विहार से लखनऊ जाने वाली ट्रेन उसी दिन दोपहर 2:05 बजे रवाना होगी। 2:35 बजे गाजियाबाद स्टेशन पहुंचेगी और दो मिनट के स्टॉपेज के बाद लखनऊ के लिए रवाना हो जाएगी। रात 10:30 बजे यह ट्रेन लखनऊ स्टेशन पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन सप्ताह में प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी। इस ट्रेन को गाजियाबाद के अलावा मुरादाबाद और बरेली में भी स्टॉपेज दिया गया है।