11 शिक्षण संस्थान और छह अस्पताल सहित 24 जगह का पानी असंतोष जनक
गाजियाबाद। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 86 स्थानों पर किए गए जांच में 11 शिक्षण संस्थान, छह अस्पताल समेत 24 स्थानों पर पानी पीने योग्य नहीं पाया गया है। इनमें कई शिक्षण संस्थान ऐसे हैं जिनमें पढ़ाई के नाम पर अभिभावकों से मोटी फीस वसूली जाती है। स्वास्थ्य विभाग ने पानी की रिपोर्ट महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, निदेशक संचारी रोग, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी, सीएमओ, महाप्रबंधक जलकल और शिक्षा विभाग को भेजी है। जनवरी से दिसंबर तक 459 स्थानों पर पानी की जांच की गई थी, उसमें से 137 नमूने फेल आए थे, लेकिन किसी में भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार ने कहा कि बदलते मौसम में जल जनित बीमारियां फैलने की संभावना बनी रहती है। मार्च महीने में पानी के नमूने एकत्र कर आरपीएचएल लैब में एच2एस विधि से जांच की गई थी। सीएमओ ने बताया कि 24 स्थानों पर पानी पीने योग्य नहीं है।
पानी के दूषित होने का कारण
पर्यावरणविद आकाश वशिष्ठ का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों का पानी बिना ट्रीट किए सीधे नदी और तालाबों में छोड़ दिया जाता है। इसके अलावा कई स्थानों पर दूषित पानी को रीबोर करके धरती में उतारा जाता है। ऐसे कई मामले प्रशासन ने भी जांच के दौरान पकड़े थे। कार्बन, हाइड्रोजन, मोनो ऑक्साइड और हानिकारक पदार्थ पानी को गंदा करते हैं। खर्चा बचाने के लिए भूतल के तीसरे स्तर 200 मीटर तक ही बोरिंग होती है। जहां का पानी गंदा रहता है। अंडरग्राउंड पाइप लाइन का टूटा होना मुख्य कारण है। साथ ही वॉटर टैंक को खुला रखना भी बड़ा कारण है।
एमएमजी अस्पताल के फिजिशियन डॉ. आलोक रंजन का कहना है कि गंदा पानी पीने के कारण हर उम्र के लोगों में पेट से जुड़ी विभिन्न बीमारियां बढ़ रही हैं। पानी उबालने के बाद ठंडा करके ही पीना चाहिए। घर में पानी का फि ल्टर लगाएं। घर में आरओ का प्रयोग कम से कम होना चाहिए। यदि पानी में किसी तरह की दुर्गंध या चिकनाहट है तो उसे पीने और नहाने में प्रयोग नहीं करें। ऐसे पानी से उल्टी, दस्त, पीलिया, त्वचा संबंधित बीमारियां, बाल झड़ना, आंखों में एलर्जी और नाखूनों का बार-बार टूटने की परेशानी हो जाती है।
इन शिक्षण संस्थानों का पानी मिला दूषित
सीपी आर्य पब्लिक जूनियर हाईस्कूल स्वर्ण जयंतीपुरम
आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज दुहाई
आरडी इंजीनियरिंग कॉलेज भोजनालय परिसर
एमिटी इंटरेशनल स्कूल सेक्टर 3 वसुंधरा
एमिटी इंटरेशनल स्कूल सेक्टर 6 वसुंधरा
फातिमा कांवेंट स्कूल मरियम नगर
चौ. शिब्बन सिंह जूनियर हाईस्कूल शिब्बनपुरा
सेेंट फ्रांसिस स्कूल इंदिरापुरम
अर्वाचीन पब्लिक स्कूल वसुंधरा
निट्रा ब्वॉयज हॉस्टल संजय नगर
निट्रा भोजनालय संजय नगर
इन अस्पतालों में पानी मिला खराब
त्रिपाठी हास्पिटल न्यू विजय नगर
शिवम हास्पिटल एंड हार्ट सेंटर राजनगर
सर्वोदय अस्पताल एंड रिसर्च सेंटर कविनगर
सर्वोदय सुपर स्पेशियलिटी एंड हार्ट सेंटर कविनगर
सर्वोदय हास्पिटल स्वास्थ्य विहार मोदीनगर
वासू नर्सिंग होम दिल्ली मेरठ रोड मोदीनगर
इन आरओ प्लांट का मिला पानी खराब
सुरेंद्र पाल का प्लांट सराय नजर अली
प्रदीप पानी का प्लांट पांच नंबर भट्ठा
बंटी मास्टर पानी का प्लांट बाबा मंदिर के पास लोनी
याकूब पानी का प्लांट मिर्जापुर
पप्पू पानी का प्लांट एमएस
कैलाश रेस्टोरेंट वसुंधरा
कैलाश फैमिली रेस्टोरेंट वसुंधरा