65 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षाएं आज से, पांच उड़नदस्ते रहेंगे तैनात
गाजियाबाद। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट और हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षाएं बृहस्पतिवार 24 मार्च से शुरू होंगी। पहले दिन सुबह की पाली में हाईस्कूल और दोपहर की पाली में इंटर हिंदी का पेपर आयोजित होगा। नकल विहीन और शांतिपूर्वक बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए इस बार विशेष बंदोबस्त किए गए हैं।
परीक्षा में इस बार पांच उड़नदस्ते औचक निरीक्षक कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। सभी 65 केंद्रों को चार जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। जिले में चार जोनल और 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ हर केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। सभी केंद्रों के साथ परीक्षा कक्षों पर सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। नकल विहीन परीक्षा के लिए तकनीक मददगार साबित होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए वॉयस रिकॉर्डिंग की सुविधा वाले सीसीटीवी कैमरा का केंद्रों पर अंतिम परीक्षण किया गया। सीसीटीवी के डाटा को एकत्रित करने केलिए डीवीआर का लिंक विभागीय कंट्रोल रूम से होगा। परीक्षा केंद्रों की होने वाली वेब कास्टिंग से सभी केंद्रों पर लखनऊ से नजर रखी जाएगी।
केंद्रों पर तैयारियों को दिया अंतिम रूप, कक्ष निरीक्षकों को दिए निर्देश
बुधवार को परीक्षा केंद्रों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इंग्राहम इंटर कॉलेज में पेपर से पहले कॉपियों की गिनती का कार्य चलता दिखाई दिया। वहीं केंद्र व्यवस्थापक व प्राचार्य राजीव कुमार मैसी ने सभी कक्ष निरीक्षकों की बैठक कर उन्हें व्यवस्थित रूप से परीक्षाएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा सेठ मुकंदलाल इंटर कॉलेज में सिटिंग प्लान सहित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। प्राचार्य केवी सिंह तैयारियों को अंतिम रूप देते दिखाई दिए। नंदग्राम स्थित जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में परीक्षा कंट्रोल रूम बनाया गया है। बोर्ड परीक्षा का मुख्य संकलन केंद्र एसडी इंटर कॉलेज होगा। परीक्षा में इस बार दो केंद्र संवेदनशील की श्रेणी में शामिल हैं। सभी परीक्षा केंद्रों को प्रश्न-पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण दो दिन पहले ही कर दिया गया था।
कोविड गाइड लाइन का करना होगा पालन
परीक्षा केंद्रों पर कोविड संक्रमण की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन किया जाएगा। केंद्रों पर परीक्षार्थियों को बगैर मास्क के प्रवेश नहीं मिलेगा। केंद्रों पर अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भी अनिवार्य रूप से मास्क लगाना होगा। केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजेशन और थर्मल स्कैनिंग के बंदोबस्त होंगे। सामाजिक दूरी को ध्यान में रखते हुए सिटिंग प्लान किया जाएगा।
हाईस्कूल और इंटर हिंदी के पेपर में इन बातों का रखें ध्यान
- सवालों का जवाब देते हुए व्याकरण का ध्यान रखें
- पेपर पढ़ने के लिए दिए गए 15 मिनट का सदुपयोग करें
- पेपर में दिए गए निर्देशों को सही से पढ़ें, उसी के अनुसार उत्तर दें
- सभी सवाल आने की दशा में क्रमानुसार पेपर करने जाएं
- सवाल में जितना पेपर जाए, उसका जवाब दें
- प्रश्नों में शब्दसीमा और समयसीमा दोनों का ध्यान रखें
- जवाब देते वक्त प्रश्न संख्या सही से अंकित करें
यूपी बोर्ड परीक्षा में कुल परीक्षार्थी
हाईस्कूल 25696
इंटरमीडिएट 22819
कुल योग 48515