रैपिड ट्रैक पर लगे 50 फीसदी इलेक्ट्रिक पोल, सिस्टम मई तक होगा तैयार
गाजियाबाद। रैपिड के साहिबाबाद से दुहाई प्राथमिकता खंड पर रेल का ट्रायल रन जुलाई से प्रस्तावित है। ऐसे में निर्माण संबंधी 90 फीसदी काम पूरा होने के साथ ही एनसीआरटीसी ने इलेक्ट्रिक सिस्टम तैयार करने पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। 17 किमी लंबे पहले खंड पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन बिछाने के लिए 50 फीसदी इलेक्ट्रिक पोल लगा दिए गए हैं। बाकी पोल और इलेक्ट्रिक लाइन संबंधी सिस्टम मई तक तैयार हो जाएगा।
रैपिड कॉरिडोर पर वर्तमान में दिनरात तेज गति से काम चल रहा है। गुजरात के सावली स्थित प्लांट से पहला छह कोच की रैपिड रेल सेट मई में दुहाई डिपो में पहुंचेगा। फिर करीब एक से डेढ़ माह तक ट्रेन के तकनीकी परीक्षण के बाद जुलाई से ट्रायल रन की शुरुआत होगी। ऐसे में ट्रायल रन के लिए मुख्य रूप से दुहाई डिपो के अंदर और एलिवेटेड हिस्से में ओवरहेड इलेक्ट्रिक सिस्टम को तैयार करने पर एनसीआरटीसी का ध्यान केंद्रित है। इलेक्ट्रिक लाइन के लिए रेल ट्रैक के दोनों ओर पोल लगाने का काम तेजी से चल रहा है।
प्राथमिकता खंड के एलिवेटेड हिस्से के साथ दुहाई डिपो में इलेक्ट्रिक पोल लगाने का काम जारी है। रैपिड के दुहाई डिपो में रैपिड ट्रेन कोच उतरने से पहले एक किमी लंबे ट्रायल ट्रैक के साथ कुल 13 ट्रैक को बिछाने के काम 90 फीसदी पूरा हो चुका है। डिपो में ट्रैक निर्माण के साथ ही पोल लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। एनसीआरटीसी के इंजीनियर की मानें तो रनिंग ट्रैक बिछाने का काम अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। रनिंग ट्रैक पर 880 ग्रेड की उच्च क्षमता की पटरियाें को बिछाया जा रहा है। एनसीआरटीसी के सीपीआरओ पुनीत वत्स ने बताया कि इलेक्ट्रिक लाइन के बाद पोल लगाने का आधा कार्य पूरा हो गया है। बाकी कार्य को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा किया जा रहा है।
-----