आज से करें इलेक्ट्रिक बसों में सफर, मुरादनगर रूट पर चलेंगी 5
गाजियाबाद। हरी झंडी दिखाए जाने के 15 दिन बाद शनिवार से 5 इलेक्ट्रिक बसें शहर की सड़कों पर उतरेंगी। इन बसों को फिलहाल सिर्फ एक रूट कौशांबी से मुरादनगर तक चलाया जाएगा। सुबह 10 बजे पहली बस कौशांबी बस अड्डे से रवाना होगी। अगले सप्ताह में मंगलवार से पांच और इलेक्ट्रिक बसें इसी रूट पर उतारी जाएंगी।
अधूरी तैयारी के साथ पिछली चार जनवरी को केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल ने इन पांच बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उसी दिन यह बसें डिपो में जाकर खड़ी हो गई थीं। चार्जिंग प्वाइंट न बनने से बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया था। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो अफसरों ने वैकल्पिक इंतजाम कर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन अब स्थायी तौर पर शुरू करने का निर्णय लिया। परिवहन निगम के आरएम और इन बसों के संचालन के लिए बनी एसपीवी के सीईओ एके सिंह ने बताया कि अकबरपुर-बहरामपुर में बने डिपो में फिलहाल पांच बसों के लिए चार्जिंग प्वाइंट बना लिए गए हैं। बसों की संख्या अभी कम है, ऐसे में चार की बजाय फिलहाल एक रूट पर संचालन होगा। बेड़े में बसों की संख्या बढ़ जाने पर तीन अन्य रूटों पर भी संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कौशांबी से मोहननगर होते हुए मुरादनगर तक 25 किमी के रूट पर इन बस का न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम 40 रुपये होगा।
परिवहन निगम के आरएम एके सिंह ने बताया कि गाजियाबाद के लिए 5 और बसें मिल गई हैं। शुक्रवार रात यह बसें अकबरपुर-बहरामपुर डिपो में पहुंच गई हैं। संचालन शुरू करने से पहले मेंटेनेंस और अन्य एहतियातन कार्य पूरे करने के बाद अगले सप्ताह मंगलवार-बुधवार तक इन बसों को कौशांबी से मुरादनगर के रूट पर उतार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले एक रूट पर बसों की फ्रीक्वेंसी को पूरा किया जाएगा, ताकि यात्रियों को इनका पूरा लाभ मिल सके। इसके बाद अन्य रूटों पर बसें चलाई जाएंगी।
आईकार्ड की फोटो कॉपी देनी होगी और फ्री में कर सकेंगे सफर
रविवार को यूपी टीईटी की परीक्षा है। गाजियाबाद में भी कई कॉलेजों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। रविवार को हजारों की संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए केंद्रों पर जाएंगे। प्रदेश सरकार ने उन्हें निशुल्क सफर का तोहफा दिया है। रोडवेज बसों के साथ-साथ इन इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने के लिए परीक्षार्थियों को टिकट नहीं लेना पड़ेगा। उन्हें सिर्फ एडमिट कार्ड की फोटो कॉपी बस के कंडक्टर को देनी होगी। जितनी बार सफर करना होगा, उतनी ही फोटो कॉपी परीक्षार्थियों को साथ लेकर चलनी होंगी।