केनरा बैंक के एटीएम को हैक कर निकाले 3.35 लाख रुपये
गाजियाबाद। शातिरों ने केनरा बैंक के एटीएम को हैक करके 3.35 लाख रुपये निकाल लिए। शातिरों ने यह काम 2020 में 14 से 29 सितंबर के बीच 35 बार में किया। बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी ऑडिट कराने के दौरान हुई। बैंक अधिकारियों ने जांच कराई तो यह ट्रांजेक्शन किसी बैंक के खाते से नहीं मिली। मामले में बैंक प्रबंधन का कहना है कि उन्होंने ऑडिट कराने के बाद शिकायत दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब उन्होंने साइबर सेल में शिकायत देकर सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है।
केनरा बैंक की नेहरू नगर शाखा में तैनात वरिष्ठ प्रबंधक तैयब सैफी ने बताया कि एटीएम में हुई 35 ट्रांजेक्शन में से 28 ट्रांजेक्शन 10 हजार, छह ट्रांजेक्शन नौ हजार और एक ट्रांजेक्शन डेढ़ हजार रुपये की हुई है। सभी ट्रांजेक्शन चार अलग-अलग डेबिट कार्ड से हुई हैं। उन्होंने बताया कि चारों डेबिट कार्ड के नंबर एटीएम में रिकॉर्ड हैं लेकिन ये कार्ड किसी बैंक खाते पर जारी हुए, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है न ही जांच में सामने आया है। फुटेज के आधार पर पुलिस से शिकायत की गई है। सिहानी गेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शातिरों को जल्द ट्रेस करके गिरफ्तार कर लिया जाएगा।