करंट से सोसायटी में तैनात सिक्योरिटी गार्ड की मौत
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक की दिव्यांश सोसायटी में करंट लगने से सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने प्रदर्शन करते हुए विजय नगर थाने में बिल्डर समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही परिजनों ने बच्चों की शिक्षा और शादी के लिए मुआवजे की मांग की है।
मूलरूप से एटा के थाना बागवाला क्षेत्र के रहने वाले सुनील कुमार डी फॉर सिक्योरिटी की तरफ से दिव्यांश सोसायटी में तैनात थे। वह डूंडाहेड़ा में किराए पर रहते थे। उनकी पत्नी और चार बच्चे गांव में रहते हैं। शुक्रवार सुबह छह बजे वह मोटर चलाने गए। मोटर के आस-पास जमीन पर पानी भरा था। तार में कट लगा होने से पानी में घुसते ही वह करंट की चपेट में आ गए। थोड़ी देर बाद सोसायटी में तैनात दूसरे गार्ड की उन पर नजर पड़ी। सोसायटी के अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय को सूचना दी, जिस पर इलेक्ट्रिशियन से बिजली आपूर्ति बंद करा कर लोग उन्हें पास के अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पर सुनील के परिजन मौके पर पहुंचे।
सोसायटी के एओए के अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने बताया कि मेंटेनेंस की जिम्मेदारी बिल्डर की थी। बिल्डर को मोटर के पास भरे पानी को निकालने के लिए कई बार कहा गया था। वहीं बिल्डर चंद्रजीत पाठक का कहना है कि मोटर चलाने के लिए अलग से इलेक्ट्रिशियन की तैनाती थी। खुद से ही मोटर चलाने के दौरान हादसा हो गया।
थाना विजय नगर प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि बिल्डर इंद्रजीत पाठक, मेंटेनेंस प्रभारी लव शर्मा और डी फॉर सिक्योरिटी के प्रभारी लक्ष्मी कांत दुबे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।