खाते में 2.95 लाख रुपये ट्रांसफर कराने के लिए भरा फार्म, बैंक ने किसी और को किया भुगतान
गाजियाबाद। विजयनगर के प्रताप विहार निवासी घरेलू सहायिका ओमवती ने अपने बेटी के खाते में 2.95 लाख रुपये ट्रांसफर कराने के लिए भरकर ड्राप बॉक्स में डाला। खाते में रुपये न आने पर पता चला कि बैंक ने किसी सोमवत नाम के व्यक्ति को नकद भुगतान कर दिया। आरोप है कि उन्होंने फार्म भरने के लिए मौके पर मौजूद गार्ड की मदद ली थी और उसके कहने पर उन्होंने फार्म को ड्राप बॉक्स में डाला था। मामले की पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने नगर कोतवाली पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। मामले में बैंक प्रबंधक समेत छह लोगों पर रिपोर्ट दर्ज हुई है।
ओमवती का कहना है कि उनका नवयुग मार्केट स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में खाता है। इसी बैंक में ही उनकी बेटी का भी खाता है। उन्होंने एसएसपी से शिकायत करते हुए कहा कि चार अप्रैल को बेटी के खाते में रुपये ट्रांसफर कराने के लिए बेटी के साथ बैंक गई थीं। उन्होंने गार्ड बिजेंद्र की मदद से फार्म भरा था। आरोप है कि रुपये नहीं आने पर उन्होंने बैंक प्रबंधक से शिकायत की तो बैंक प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों ने अभद्रता की। नगर कोतवाली प्रभारी अमित खारी का कहना है कि मामले में बैंक प्रबंधक जयकांत दास, रितु गुप्ता, मीना जैन, प्रवीण शिवांगी, पवन, बिजेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।