वाहन चोर गिरोह के निशाने पर कविनगर, गोविंदपुरम, राजनगर एक्सटेंशन, विजयनगर, साहिबाबाद, इंदिरापुरम के इलाके हैं। जहां सबसे ज्यादा वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
एशिया की सबसे बड़ी वाहन कटान मंडी मेरठ सोतीगंज पर ताला लगने के बाद भी वाहन चोरी की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। ऐसे में चोरी के वाहन कहां खप रहे हैं, यह बड़ा सवाल है? माना जाता है कि चोरी के वाहन मेरठ के सोतीगंज में ही जाते थे। जनपद में हर माह औसतन 200 वाहन चोरी हो रहे हैं। जबकि पुलिस रात में गश्त और सुरक्षा का दावा कर रही है लेकिन वाहन चोरी के आंकड़े पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस साल साढ़े चार माह में 1041 वाहन चोरी हो चुके हैं। इनमें अधिकांश दोपहिया वाहन चोरी हुए हैं।
विज्ञापन
वाहन चोर गिरोह के निशाने पर कविनगर, गोविंदपुरम, राजनगर एक्सटेंशन, विजयनगर, साहिबाबाद, इंदिरापुरम के इलाके हैं। जहां सबसे ज्यादा वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वहीं वाहन चोरी होने के बाद पहले को पीड़ित को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अगर रिपोर्ट दर्ज हो जाती है तो इसके बाद वह वाहन की बरामदगी के लिए थाने के चक्कर काटने पड़ते हैं या क्लेम लेने के लिए एफआईआर में अंतिम रिपोर्ट लेने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इनमें से पीड़ित की किसी भी समस्या को समाधान नहीं हो पा रहा है। जनपद में पिछले साल 2923 वाहन चोरी हुए। चोरों की नजर अधिकांश दोपहिया वाहनों पर हैं। पुलिस ने पिछले दिनों लाल कुआं क्षेत्र में भी वाहन चोरी और कटान करने वाले गिरोह के 10 लोगों को गिरफ्तार किया था।
एक कार से आ रहे दूसरी ले जा रहे
जनपद में लग्जरी कार चोरी करने का एक गिरोह ऐसा है जो एक लग्जरी कार से आता है और दूसरी लग्जरी कार ले जा रहा है। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। गोविंदपुरम क्षेत्र में तीन मार्च की रात चोरों ने एक क्रेटा कार चोरी की थी। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। जिसमें चोर एक ब्रेजा कार से आए और क्रेटा कार को भी चोरी करते हुए ले जाते नजर आए। वहीं दूसरी वारदात में चोर इनोवा कार से आए और फॉर्चूनर कार चोरी कर ले गए।
विज्ञापन
एक महीने बाद संपर्क करना
राजनगर निवासी अवलेश मिश्रा ने बताया कि चार मई को राजनगर के एक बैंक में रुपये जमा करने के दौरान बैंक के बाहर से उनकी बाइक चोरी हो गई थी। कविनगर थाने में उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में एफआर व आगे की कार्रवाई के लिए थाने संपर्क किया तो पुलिसकर्मी ने उन्हें एक माह बाद संपर्क करने की बात कही। अवलेश ने बताया कि ना उन्हें बाइक मिल पा रही है और ना ही बाइक का क्लेम। वह कई बार थाने के चक्कर काट चुके हैं।
चार बार जा चुके थाने
राजनगर निवासी 72 वर्षीय बृजभूषण ने बताया कि तीन मई को घर के बाहर से उनकी सेंट्रो कार चोरी हो गई थी। कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से वह चार बार थाने में पुलिसकर्मियों से संपर्क कर चुके हैं लेकिन हर बार जांच करने का आश्वासन मिल रहा है।
वाहन चोरी
2020- 1711
2021- 2923
एक जनवरी 2022 से
15 मार्च 2022 तक- 614
15 अप्रैल 2022 तक- 858
15 मई 2022 तक- 1041
पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी और चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा
एसएसपी मुनिराज का कहना है कि जिन क्षेत्रों मे वाहन चोरी के मामले बढ़ रहे हैं। वहां पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। टीम गठित कर वाहन चोर गिरोह को ट्रैस कर गिरफ्तार किया जाएगा।