परिजनों के हंगामे के बाद अपहरण में तरमीम हुआ मुकदमा
गाजियाबाद। आंबेडकर कॉलोनी निवासी अजय (28) 17 दिन से लापता है। अजय की बाइक और चप्पल तिगरी गोल चक्कर के पास पड़े मिले। पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली लेकिन अजय के ना मिलने के बाद अजय के परिजनों ने सात मई को विजयनगर थाने पर हंगामा किया और अजय की बरामदगी की मांग की। इसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी के मामले को अपहरण की धारा में तरमीम किया है।
आंबेडकर कॉलोनी के रहने वाली अजय ढोल बजाने का काम करते है। परिजनों का कहना है कि 27 अप्रैल को अजय बाइक लेकर काम पर गए थे। इसके बाद वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद 28 अप्रैल की सुबह अजय की बाइक और चप्पल तिगरी गोल चक्कर अंडरपास के नीचे मिली। परिजनों ने अनहोनी होने की आशंका जताते हुए विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। काफी दिन तक बरामदगी नहीं होने पर परिजनों ने हंगामा किया और पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। तीन घंटे हंगामे के बाद पुलिस से मिले आश्वासन पर परिजन शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने अब मामले में अपहरण की धारा में तरमीम किया है। विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। टीम युवक की तलाश में जुटी है।