लूट की सूचना देकर बेहोश मिले ठेकेदार ने दम तोड़ा
गाजियाबाद। 70 लाख की लूट की सूचना देने के बाद बेहोश मिले ठेकेदार अजय ने शुक्रवार देर रात दम तोड़ दिया। ठेकेदार की जहर से मौत हुई है। शनिवार को अजय का पोस्टमार्टम कराया गया। मामले में परिजनों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस घटनास्थल और अन्य पहलुओं पर जांच के आधार पर आत्महत्या का अंदेशा जता रही है। हालांकि अजय की कार कहां गई और उन्होंने लूट की सूचना क्यों दी ये सवाल पुलिस के सामने खड़े हैं।
दुहाई निवासी अजय कुमार उर्फ छोटू (30) ठेकेदारी करते हैं। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार की दोपहर वह घर से गुरुग्राम जाने की बात कहकर कार से गए थे और शुक्रवार को वहां से वापस लौटने समय अजय ने अपने भाई को कुछ नकदी लेकर कैब से आने की बात कही थी। शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उन्होंने अपने चचेरे भाई को फोन कर सूचना दी कि मेरे साथ लूट हो गई है, मुझे बचा लो। परिजन अजय को तलाशते हुए जेल चौकी के पास खेत में पहुंचे तो उन्हें अजय वहां बेहोश मिले। वहां अजय के मुंह से झाग निकल रहे थे और हाथ की नस कटी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर उन्हें सर्वोदय अस्पताल में भर्ती करा दिया था।
खेत में अकेले बैठे दिखाई दिए अजय
एएसपी आकाश पटेल ने बताया कि घटना की जांच की गई, जिसमें घटनास्थल के पास हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। फुटेज में अजय खेत में अकेले आते दिखाई दिए और करीब आधे घंटे तक वहां बैठे रहे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर जांच की गई जहां अजय के जूते-जुराब व्यवस्थित तरीके से रखे मिले। घटनास्थल से लूट की वारदात प्रतीत नहीं हुई। परिजनों से जानकारी करने पर पता चला कि अजय का तीन साल पहले गोंडा निवासी एक युवती से प्रेम विवाह हुआ था। पिछले 7-8 महीनों से विवाद के कारण अलग रह रही हैं।
फोन की जांच में कर्जदारी आ रही सामने
पुलिस का कहना है कि सर्विलांस टीम ने अजय के फोन की जांच की, जिसमें देनदारी का कारण भी सामने आ रहा है। बताया कि जांच में पता चला अजय ने अपने भाई को लूट की सूचना देने के बाद दो-तीन लोगों से फोन पर बात की थी। साथ ही अजय ने कुछ लोगों को जल्दी रुपये लौटाने और विश्वास ना तोड़ने की बात मैसेज में लिखकर भेजी हुई थी।
ये हैं अनसुलझे सवाल
- अजय ने परिजनों से गुरुग्राम जाने की बात क्यों बोली? क्योंकि पुलिस की जांच में बृहस्पतिवार को अजय की लोकेशन मेरठ की आई है।
- बृहस्पतिवार को घर से जाने के बाद अजय ने किस-किस से मुलाकात की?
- अजय घर से अपनी टोयोटा कार से गए थे। कार कहां गई?
- अजय के फोन का डाटा कैसे डिलीट हुआ?
- अजय ने परिजनों को लूट की सूचना क्यों दी?
जांच में प्रथम दृष्टया आत्महत्या करने का मामला सामने आ रहा है। हालांकि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। इसमें आत्महत्या के कारण भी पता लगाया जा रहा है। अजय की कार की भी तलाश की जा रही है।
आकाश पटेल, एएसपी