दरोगा को दहेज में नहीं मिली बुलेट तो पत्नी को घर से निकाला
गाजियाबाद। दहेज में बुलेट बाइक के लिए ढाई लाख रुपये ना मिलने पर पत्नी की पिटाई कर घर से निकालने के आरोप में दारोगा नौशाद अली और उनकी मां, बहन, भाई समेत 8 लोगों के खिलाफ महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कविनगर एफ-ब्लाक निवासी करीना बानो की शिकायत के अनुसार उनकी शादी दिसंबर 2019 में नौशाद से हुई थी। मैनपुरी के गोला बाजार निवासी नौशाद मृतक आश्रित कोटे में यूपी पुलिस में भर्ती हुए। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ससुराल के लोग कम दहेज का ताना देकर परेशान करने लगे। दारोगा बुलेट बाइक से चलने की बात कहकर मायके से ढाई लाख रुपये लाने का दबाव बना रहे हैं। मना करने पर गाली-गलौज कर पिटाई कर दी और नवंबर 2021 में उन्हें उनकी बच्ची के साथ घर से निकाल दिया और अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।