गाजियाबाद में कोरोना के बढ़ते मामले कहर बरपा रहे हैं। बीते 24 घंटे में जिले में कोरोना संक्रमण के 135 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही अब गाजियाबाद में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 392 हो गई है।
जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में नौ कोरोना मरीज स्वस्थ हुए हैं। अगल-अलग अस्पतालों में सात मरीज भर्ती हैं। संक्रमण दर बढ़कर 2.72 फीसदी पहुंच गई है। सबसे अधिक ट्रांस हिंडन क्षेत्र में सोमवार को 85 मरीज मिले हैं।
यशोदा अस्पताल के प्रबंध निदेशक भी संक्रमित
गाजियाबाद के वरिष्ठ चिकित्सक एवं यशोदा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ पीएन अरोड़ा कोरोनावायरस से संक्रमित हो गये हैं। उन्होंने कहा कि ओमिक्रोंन से घबराने की नहीं सजग रहने की जरूरत है।
डॉक्टर पीएन अरोड़ा ने जनता के नाम संदेश देते हुए कहा कि मैं कोविड-19 के संक्रमण से ग्रसित हो गया हूं, लेकिन मेरे अनुभव के अनुसार इस समय चल रहे कोरोनावायरस के वेरिएंट ओमीक्रोन से बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है। यह डेल्टा वेरिएंट से कम घातक है। इसमें सजग रहने की मुख्य आवश्यकता है क्योंकि यह डेल्टा वैरीअंट की तुलना में बहुत तेजी से फैलता है।