अब डीएमई पर नहीं चलेंगे ट्रैक्टर, बुग्गी व दोपहिया, बाउंसर तैनात
गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर उल्टी दिशा में दौड़ रहे मिनी ट्रक की भिड़ंत से हुई पांच मौतों के बाद एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी जागे हैं। गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को रोकने के लिए बृहस्पतिवार को एनएचएआई ने डीएमई के हर एंट्री प्वाइंट पर कर्मचारियों (बाउंसर) को तैनात कर दिया है। उन्होंने ट्रैक्टर-बुग्गी और दुपहिया वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी। ट्रैफिक पुलिस ने भी उल्टी दिशा में वाहन चलाने वाले 84 वाहन चालकों के चालान किए।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर पांच माह में अब तक 21 लोगों की जान जा चुकी है। छह सितंबर की रात इस एक्सप्रेसवे पर कार और उल्टी दिशा में दौड़ रहे मिनी ट्रक की भिड़ंत में दो बच्चों समेत पांच लोगों की जान चली गई थी। यहां न तो पुलिस और न ही एनएचएआई की ओर से पेट्रोलिंग की जा रही थी। हादसे के बाद अब एनएचएआई ने यूपी गेट से डासना और डासना से मेरठ तक हर एंट्री प्वाइंट पर 8-8 घंटे की तीन शिफ्ट में कर्मचारियों को तैनात किया है। इन कर्मचारियों को उल्टी दिशा में आने वाले वाहनों को रोकने की जिम्मेदारी दी गई है। बृहस्पतिवार को इन कर्मचारियों ने वाहनों को उल्टी दिशा में जाने से रोका तो एंट्री प्वाइंट पर जाम की स्थिति बन गई।
17 ऑटो सीज कर 84 वाहनों के चालान काटे
ट्रैफिक पुलिस ने भी गाजियाबाद क्षेत्र में विभिन्न एंट्री प्वाइंट पर रांग साइड जाने वाले वाहनों के चालान काटने के लिए अभियान चलाया। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि रात तक चली कार्रवाई में पर रांग साइड पर चलने वाले 17 ऑटो को सीज किया गया और 84 वाहन चालकों के चालान काटे गए। इनमें से 15 चालान ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में गाड़ी चला रहे चालकों के हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रतिदिन जारी रहेगा।
अब ट्रैक्टर, दुपहिया वाहन चालकों को मोदीनगर से जाना पड़ेगा मेरठ
एनएचएआई ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दुपहिया वाहनों, ट्रैक्टर और बुग्गी समेत कम स्पीड के अन्य वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगा दी है। हालांकि यह आदेश एक्सप्रेसवे को वाहनों के लिए खोलने के साथ ही जारी कर दिए गए थे, लेकिन सख्ती नहीं की गई थी। बृहस्पतिवार को दुपहिया वाहनों को एक्सप्रेसवे पर जाने से रोका तो डासना के पास एंट्री प्वाइंट पर करीब 50 से ज्यादा दुपहिया वाहन चालकों का जमावड़ा लग गया। यहां जाम लग गया। मिन्नतों के बावजूद दुपहिया वाहन चालकों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर प्रवेश नहीं मिला।