गाजियाबाद। जीडीए वीसी कंचन वर्मा ने व्यवस्था सुधारने के लिए सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। जीडीए में अब फरियादियों को बिना पास के एंट्री नहीं मिलेगी। वीसी ने एंट्री के लिए पास की व्यवस्था सख्ती से लागू कर दी है।
सुबह 10 से 12 बजे तक कार्यालय में आने वाले लोगों को जीडीए कार्यालय में प्रवेश करने के लिए पहले पास लेना होगा। पास पर संबंधित अधिकारी का नाम और उद्देश्य भी लिखा जाएगा ताकि उनका ब्यौरा कार्यालय में रहे। इसी ब्यौरे के आधार पर संबंधित व्यक्ति सेे जुड़े कार्य की प्रगति की मॉनीटरिंग करने में भी मदद मिलेगी।
वीसी ने यह भी व्यवस्था की है कि 12 बजे के बाद जीडीए कार्यालय में पहुंचने वाले लोगों को उस अधिकारी का नाम बताना होगा, जिससे वो मिलना चाहते हैं। ऐसे में जीडीए स्वागत कक्ष में तैनात स्टाफ पहले संबंधित अधिकारी से सहमति लेगा।
सहमती के बाद ही पास जारी किया जाएगा। हालांकि जीडीए में ऐसी व्यवस्था पहले भी लागू थी, लेकिन सख्ती से लागू नहीं हो पा रही थी। बिना पास के भी लोग जीडीए में एंट्री कर जाते थे। मंगलवार शाम करीब पौने सात बजे वीसी को जीडीए परिसर में कई लोग घूमते मिले थे, जबकि कार्यालय बंद हो चुका था। इसके बाद से ही उन्होंने सख्त कदम उठाया है।
लंच पर जाने की रजिस्टर में करनी होगी एंट्री
दोपहर में कार्यालय से लंच पर जाने वाले कर्मचारियों को एक रजिस्टर पर एंट्री करनी होगी। लंच से लौटने पर भी रजिस्टर में समय दर्ज करना होगा। इससे यह पता चल सकेगा कि वह कितने समय कार्यालय से बाहर रहा और इसका कारण क्या था। इसके लिए स्वागत कक्ष में रजिस्टर रखा जाएगा। जीडीए वीसी प्रतिदिन शाम को इस रजिस्टर को देखेंगी।
निजी गाड़ियां नहीं दाखिल होंगी जीडीए में
वीसी ने निजी गाड़ियों के जीडीए परिसर में दाखिल होने पर भी रोक लगा दी है। अब अधिकारी भी अपनी निजी गाड़ी जीडीए में नहीं ले जा सकेंगे। उन्हें गाड़ी बाहर ही खड़ी करनी होगी। सिर्फ सरकारी गाड़ियों को ही जीडीए में प्रवेश मिलेगा।