इंदिरापुरम। थानाक्षेत्र के आदित्य मेगा सिटी निवासी शैलेंद्र श्रीवास्तव के बैंक खातों से साइबर ठगों ने तीन दिन में 2.57 लाख रुपये निकाल लिए। मामला 27 दिसंबर 2025 से 29 दिसंबर 2025 के बीच का है। साइबर अपराध पोर्टल से शिकायत थाने तक पहुंचने में एक माह से ज्यादा का समय लग गया। पुलिस ने बुधवार रात केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि उनके तीन बैंक खातों से 27, 29 और 30 दिसंबर को 2.57 लाख रुपये अज्ञात व्यक्ति ने निकाल लिए। जबकि उन्होंने न तो किसी को भुगतान किया है और न ही उनके पास कोई ओटीपी आया। मोबाइल पर जब खाते से रकम कटने का मैसेज मिला तब उन्हें ठगी की जानकारी हुई। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर इसकी शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि तकनीकी कारणों के चलते पोर्टल से शिकायत स्थानांतरण होने में समय लगा है। जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है वह पहले ही फ्रीज हो चुके हैं और कार्रवाई की जा रही है।