लोनी। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में पैदल जा रहे टेलर को बाइक सवार ने विपरीत दिशा से आकर टक्कर मार दी। इससे के सीधे पैर की हड्डी टूट गई। घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को पहले लोनी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और वहां से जीटीबी के लिए रेफर कर दिया गया। पाबी सादकपुर गांव निवासी सादिक ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गारमेंट्स की फैक्ट्री में सिलाई का कार्य करते हैं। बुधवार देर शाम वह फैक्ट्री से घर लौट रहे थे। जब वह गांव के पास दिल्ली सहारनपुर रोड स्थित पाल होटल के सामने पहुंचे तो विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से उनके सीधे पैर की हड्डी टूट गई। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़ित को उपचार के लिए जीटीबी में भर्ती करा दिया है जहां उसका उपचार चल रहा है, फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं आई है।