नंदग्राम क्षेत्र की सिहानी में कृष्ण कुंज के पास बुधवार दोपहर खाना बनाते हुए झुग्गी में आग लग गई। इससे आसपास की तीन और झुग्गियों में आग लग गई। चारों झुग्गियों में रखा सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान सोमवीर और गुड़िया मामूली रूप से झुलस गए। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। आग लगने से आसपास अफरा तफरी मच गई।
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर दो फायर टेंडर मौके में भेजे गए। फायर टेंडरों की मदद से दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। जांच में पता चला कि खाना बनाते समय झुग्गियों में आग लगी थी। गनीमत रही की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। झुग्गियों में भूरे, राजकुमार, पान कोर, गुड़िया, रामावतार, नरेश, भूरे सिंह, मेघ सिंह, राजेश, राम प्रकाश, लालाराम, ज्ञानचंद, सावित्री देवी रहते थे। ये मजदूरी व खेती करते हैं। पीड़ितों ने बताया कि वहां उनकी कुछ नकदी भी रखी थी, जो आग की चपेट में आ गई।