गाजियाबाद। कैला भट्ठा क्षेत्र के जस्सीपुरा मोहल्ला में स्क्रैप कारोबारी महराज के मकान में बुधवार की शाम करीब पांच बजे आग लग गई। बंद कमरे से लपटे उठती देख परिजनों और आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि रूम हीटर काफी देर से चलने पर शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने का अंदेशा है।
सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र के जस्सीपुरा मोहल्ला निवासी महराज मलिक स्क्रैल कारोबारी हैं। शाम पांच बजे कंट्रोल रूम पर उनके मकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर तीन पानी के टैंकर के साथ टीम पहुंची। बताया कि जिस कमरे में आग लगी है उसमें रूम हीटर काफी देर से चल रहा था और कमरा बंद था। रूम हीटर अधिक देर चलने से शॉर्ट सर्किट होने से पहले कमरों के पर्दों में और फिर फ्रीज, डबल बेड, फर्नीचर, एलईडी और अन्य घरेलू सामान में आग लग गई। पर्दों से उठी लपटों से मकान की दूसरी मंजिल के लकड़ी की विंडो ने भी आग पकड़ ली। हालांकि दूसरी मंजिल पर आग पहुंचते ही टीम ने काबू पा लिया। स्क्रैप व्यापारी महराज मलिक का परिवार आग लगने के दौरान दूसरी मंजिल पर था। आग लगते ही सभी परिजन सकुशल बाहर आ गए। टीम ने तीन पानी की टैंकर की बौछार से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है।