फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: अवैध फैक्टरी और कबाड़ गोदाम में धधकी आग, पांच लोग झुलसे मकान भी आया चपेट में

विज्ञापन
टीलामोड़ स्थित अगरबत्ती फैक्टरी में लगी आग की चपेट में आकर जला पड़ोसी मोहम्मद राशिद के मकान का
विज्ञापन
साहिबाबाद। टीएचए में बुधवार अलग-अलग तीन स्थानों पर आग लगी और इसमें पांच महिलाओं समेत 17 लोग फंस गए। कबाड़ गोदाम में पांच महिलाएं मामूली रूप से झुलस गई। हालांकि फैक्टरी के 12 कर्मचारी समय रहते हुए बाहर निकाल लिए गए। दोपहर करीब 1:22 बजे गरिमा गार्डन गली नंबर-4 में अगरबत्ती फैक्टरी में शॉर्ट-सर्किट से आग लगी। इस हादसे में फैक्टरी जलकर राख हो गई और उसकी चपेट में आया पड़ोसी का मकान भी जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोग भी मकान खाली करके भाग खड़े हुए। इससे पहले दोपहर से 12 बजे टीलामोड़ के सिकंदरपुर स्थित अवैध कबाड़ गोदाम में आग लग गई। चंद मिनट में विकराल हुई आग की लपटों में पांच महिलाएं फंस गई और जब उनको बाहर निकाला तब तक मामूली रूप से झुलस गईं। इसके अलावा इंदिरापुरम के ज्ञानखंड एक स्थित प्लॉट संख्या 333 पर बहुमंजिला इमारत की छत पर रखे एसी आउटबॉक्स में अचानक आग लग गई। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। उधर, दमकल विभाग की ओर से दोनों जगहों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी है।
विज्ञापन


गरिमा गार्डन के अशोक वाटिका स्थित प्लॉट नंबर 66 पर संचालित अगरबत्ती फैक्टरी करीब एक माह पहले ही शिफ्ट हुई थी। बुधवार को हादसे के समय फैक्टरी मालिक तनवीर भी वहां मौजूद थे। घटना के समय फैक्टरी में 12 कर्मचारी काम कर रहे थे। समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फैक्टरी में फर्नीचर, अगरबत्ती के पैकिंग मटेरियल और सैनिटाइजर समेत अन्य ज्वलनशील पदार्थ की वजह से आग तेजी से फैली थी। धुआं निकलता देख गली नंबर चार और उसके आसपास के इलाके में हड़कंप मंच गया। सूचना पर दमकल की टीम तीन वाटर टेंडर के साथ पहुंचीं। दिक्कत उस समय हुई जब गली में वाटर टेंडर अंदर तक पहुंच ही नहीं पाया। गली का संकरा होना और उसके कोने पर लगे बिजली पोल की वजह से दमकल वाहन घूम ही नहीं पाया। इसके बाद करीब 300 मीटर तक हौज पाइप बिछाकर दमकल की टीमों ने आग पर काबू पाया। इसकी चपेट में पड़ोसी मोहम्मद राशिद का मकान भी आ गया। पीड़ित राशिद ने बताया कि लपटों ने घर को भी चपेट में ले लिया और रसोई में रखा सामान और पानी की टंकी जलकर राख हो गई। हालांकि गनीमत रही कि रसोई गैस सिलेंडर बाहर रखा था और उसे आग लगने के दौरान किसी तरह वहां से हटा दिया था। आग की चपेट में उनके मकान की दीवार में दरार तक आ गई हैं।अगर समय रहते दमकलकर्मी आग नहीं बुझाते तो उनका पूरा घर जल जाता। अगरबत्ती फैक्टरी रिहाइशी इलाके में संचालित हो रही थी। वह भी गली के काफी अंदर की तरफ थी। अशोक वाटिका स्थित गली नंबर चार में करीब 200 गज का खाली प्लॉट है। प्लॉट मालिक ने एक हिस्से में प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्यालय खोला है। वहीं, एक हिस्से में फैक्टरी का संचालन करने के लिए किराये पर जगह दी है। आग लगने के समय अचानक अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत अपने परिवारों के साथ घरों से महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गों को लेकर भाग निकलें। इस दौरान उन्होंने घर से कीमती सामान भी अपने साथ ले लिया था।
कबाड़ गोदाम की आग बुझाने के दौरान झुलसी पांच महिलाएं
टीलामोड़ थानाक्षेत्र स्थित सिकंदरपुर के कबाड़ गोदाम में ठेकेदार की ओर से कुछ महिलाएं कबाड़ बीनकर उसे अलग-अलग करने का काम करती हैं। आग लगी तो महिलाओं ने मालिक को सूचना दी। वहीं, काम करने वाली महिलाएं आग बुझाने में जुट गईं। आग की लपटें तेजी से उठीं तो महिलाओं को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे नसरीन, शाइना, नशीमा रुखसाना और इंदुभूषण आदि महिला कर्मी मामूली झुलस गईं। उधर, लपटें और धुआं दूर से दिखाई दिया तो लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। साथ ही झुलसीं महिलाओं को दमकल की टीम ने अस्पताल पहुंचाया। आग लगने का कारण बीड़ी थी। कबाड़ गोदाम संचालक संतोष गुप्ता ने बताया कि बुधवार को वह गुरुग्राम में कबाड़ खरीदने गए थे। कर्मचारियों ने फोन से उन्हें आग की सूचना दी। कर्मचारियों ने बताया कि एक बुजुर्ग महिलाकर्मी ने बीड़ी पीने के बाद उसे गोदाम में ही फेंक दिया था। उसी कारण आग लगी थी। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैली और पांच कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गईं। उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि गोदाम में प्लास्टिक, पॉलिथीन, कागज व अन्य सामग्री अलग-अलग करके रिसाइकिल करने का काम किया जाता है। इसके लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से उनके पास अनुमति है। मान्यता प्राप्त वेंडरों से ही रिसाइकल सामान की खरीद-फरोख्त करते हैं। वहीं, सीएफओ ने बताया कि महिलाएं मामूली रूप से झुलसी थीं और सभी को प्राथमिकी उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
विज्ञापन



एसी आउटबॉक्स में लगी आग, लोगों ने बुझाई
इंदिरापुरम थानाक्षेत्र के ज्ञानखंड एक स्थित प्लॉट संख्या 333 पर बनी बहुमंजिला इमारत की छत पर रखे एसी आउटबॉक्स में बुधवार दोपहर अचानक आग लग गई। घटना के बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई तो कर्मियों के पहुंचने से पहले ही लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। स्थानीय पार्षद हरीश कड़ाकोटी ने बताया कि जब लोगों ने धुआं देखा तो तुरंत ऊर्जा निगम को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद कराई गई। इसके साथ ही दमकल की टीम को भी सूचना दी गई। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि दमकल की टीम पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग बुझा दी थी। हादसे में कोई बड़ी आर्थिक व जनहानि नहीं हुई है। आग के कारणों का भी अभी पता नहीं चल सका है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल का कहना है कि कबाड़ गोदाम और अगरबत्ती फैक्टरी रिहाइशी इलाके में संचालित हो रही थीं। दोनों अवैध हैं और इनके संचालकों ने किसी विभाग से कोई एनओसी व अनुमति भी नहीं ली थी। आग लगते ही कबाड़ गोदाम का मालिक मौके से भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। दोनों की रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को भेजी गई है।

टीलामोड़ स्थित अगरबत्ती फैक्टरी में लगी आग की चपेट में आकर जला पड़ोसी मोहम्मद राशिद के मकान का

टीलामोड़ स्थित अगरबत्ती फैक्टरी में लगी आग की चपेट में आकर जला पड़ोसी मोहम्मद राशिद के मकान का

टीलामोड़ स्थित अगरबत्ती फैक्टरी में लगी आग की चपेट में आकर जला पड़ोसी मोहम्मद राशिद के मकान का

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें