साहिबाबाद। शहीदनगर मेट्रो स्टेशन के पास रावल पिंडी गार्डन में सोमवार को गोदाम की इमारत के लिंटर गिरने से हुए हादसे में इमारत मालिक विपुल कुमार और ठेकेदार रियाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच में प्रथम दृष्टया मामले में लापरवाही का अंदेशा जताया है। हादसे में 11 मजदूर दबकर घायल हुए थे, हालांकि 10 वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों को छोड़कर सभी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि सोमवार शाम बालाजी धर्मकांटा गली में गोदाम की इमारत पर लिंटर डालने के दौरान हादसे में 11 मजदूर घायल हुए थे। विपुल कुमार की इमारत को ठेकेदार रियाज बनवा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया। ठेकेदार और मालिक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घायल मजदूरों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से मोहन नगर स्थित निजी और जिला अस्पताल में उपचार के लिए भिजवाया गया था। अब तक नौ लोगों को अस्पताल से छुटटी मिल गई है और वह अपने घर पहुंच गए हैं। हालांकि 10 साल की बच्ची नगमा और रामू की हालत में अभी सुधार नहीं है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीपी साहिबाबाद ने बताया कि इमारत मालिक और ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और उनको जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
राहतकार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़ ने सोमवार को हुए हादसे में तत्काल राहत कार्य की वजह से कई लोगों की जान बचाने पर दमकलकर्मियों, पुलिस और नागरिकों को उनके साहस, तत्परता व मानवता के प्रति समर्पण पर सम्मानित किया गया। इस दौरान सीएफओ सौरभ सिंह, प्रभारी निरीक्षक साहिबाबाद रविंद्र गौतम समेत कई अन्य को प्रशस्त पत्र दिया गया।