मुरादनगर/ मोदीनगर। भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती से लोगों का पारा हाई हो गया है। मुरादनगर में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन भानू के कार्यकर्ताओं ने मुख्य बिजलीघर पहुंचकर प्रदर्शन किया। वहीं, मोदीनगर में अघोषित कटौती से परेशान लोगों ने बिजलीघर पर पहुंचकर हंगामा किया।
मुरादनगर में भाकियू भानु के प्रदेश सचिव गौरव त्यागी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान बिजलीघर परिसर में एकत्र हुए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। गौरव त्यागी ने कहा कि नियमानुसार ट्यूबवेलों को 10 घंटे और गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति दी जानी चाहिए लेकिन विभाग मनमाने तरीके से कटौती कर रहा है। बिजली न मिलने से किसानों की फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट भी गहरा रहा है। प्रदर्शन के दौरान डॉ. अरुण सेन, राधेश्याम त्यागी, अमित त्यागी, विपिन त्यागी, रिंकू त्यागी, अरुण त्यागी और मीनू त्यागी आदि मौजूद रहे।
वहीं, मोदीनगर में बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार को कई स्थानों पर आठ से दस घंटे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। विद्युत आपूर्ति ठप होने से गुस्साए लोगों ने गदाना बिजली घर पर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने आरोप लगाया कि ऊर्जा कर्मी न तो जल्द फाल्ट ठीक करते है और न कॉल रिसीव करते हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया।