फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: मां-बेटी की मौत के मामले में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
खोड़ा। शंकर विहार में मां-बेटी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने के मामले में पुलिस ने महिला के परिजनों की शिकायत पर ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। महिला के परिजनों ने दामाद अनिरुद्ध पर आरोप लगाया है कि उसका किसी और युवती से संबंध था, साथ ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। घटना के बाद से इलाके में शनिवार को भी लोग चर्चा करते हुए नजर आए। वहीं, मां-बेटी की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
विज्ञापन

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मृतक प्रीति के पिता अवधेश कुमार निवासी उन्नाव के माखी सफीपुर ने खोड़ा थाना पुलिस को ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। शिकायत में अवधेश कुमार ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी प्रीति उर्फ संगीता की शादी 16 जून 2021 को हरदोई के सांपखेड़ा बिलग्राम निवासी अनिरुद्ध उर्फ सोनू से हुई थी।
शादी के बाद से पति, सास और ननद उनकी बेटी को कम दहेज लाने और कम सुंदर होने का ताना मारते हुए प्रताड़ित करते थे। वह दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। अनिरुद्ध लगभग चार साल पहले खोड़ा के शंकर विहार में पत्नी के साथ किराये के मकान में रहने लगा था। उसी मकान के भूतल पर अनिरुद्ध की बहन रिंकी भी परिवार के साथ रहती है। जिसके चलते यहां भी उनकी बेटी को पति और ननद प्रताड़ित करने लगे।
विज्ञापन

इस बारे में कई बार परिवार ने पंचायत भी की थी। आरोप है कि अनिरुद्ध का किसी और युवती से अवैध संबंध था, जिसका उनकी बेटी विरोध करती थी। आरोप है कि वह युवती भी कई बार उनकी बेटी को अनिरुद्ध को तलाक देने के लिए कह चुकी थी और तलाक नहीं देने पर मां-बेटी दोनों की हत्या करवाने की धमकी देती थी।
पिता अवधेश ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर को अनिरुद्ध, उसकी मां राजरानी, ननद रिंकी और अनिरुद्ध की मौसी का बेटा राजू उनकी बेटी को मेंहदीपुर बालाजी ले गए थे, जहां उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की गई। आरोप है कि बालाजी में उनकी बेटी से कहलवाया गया कि उसने अनिरुद्ध पर कोई टोटका या वशीकरण कर रखा है। मारपीट से परेशान बेटी ने बचने के लिए इसे स्वीकार कर लिया।
इनसेट
दामाद को फोन किया तो उसने कहा कि वह तो दवा लेने बाहर आया
24 सितंबर को बालाजी से लौटने के बाद भी पति और सास ने उनकी बेटी से मारपीट की थी और कहा था या तो अपने मायके चली या फिर तेरी हत्या हो जाएगी। 25 सितंबर की शाम को उनकी बेटी ने अपनी मां और बहन को फोन करके अपनी आपबीती बताई थी और अपने साथ ले जाने के लिए कहा था। लगभग सात बजे उन्हें एक रिश्तेदार के जरिए सूचना मिली कि उनकी बेटी और नातिन की मौत हो गई है। उन्होंने दामाद को फोन किया तो उसने कहा कि वह तो दवा लेने बाहर आया है।
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति अनिरुद्ध, सास राजरानी और ननद रिंकी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है। आरोपी सास और ननद की भी तलाश की जा रही है। साथ ही अनिरुद्ध की महिला मित्र की भी तलाश की जा रही है।
अनिरुद्ध के पिता की अंतिम इच्छा पूरी करने को हुई थी शादी
प्रीति उर्फ संगीता के पिता ने पुलिस को बताया कि अनिरुद्ध के पिता उनके रिश्तेदार थे। उनकी अंतिम इच्छा थी कि अनिरुद्ध की शादी उनकी बेटी के साथ हो और रिश्तेदारी इसी तरह से भविष्य में भी बनी रहे। हालांकि अनिरुद्ध इस शादी के लिए तैयार नहीं था, लेकिन परिवार के समझाने और पिता की अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए उसने शादी कर ली थी। बता दें कि खोड़ा के शंकर विहार में 25 सितंबर की देर शाम 28 वर्षीय प्रीति उर्फ संगीता और उनकी दो वर्ष की बेटी कमरे में फंदे से लटके मिले थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें