राजनगर स्थित पीएफए केअस्पताल में भर्ती घायल स्ट्रीट डॉगी को एक महिला और युवक ने जबरन ले जाने की कोशिश की, मना करने पर डॉक्टर विजय कुमार केसाथ मारपीट की गई। उनका मोबाइल तोड़ दिया गया और दोनों आरोपी वहां से प्रिंटर उठाकर ले गए। इस संबंध में सिहानी गेट कोतवाली में तहरीर दी गई है।
पीएफए गाजियाबाद की अध्यक्ष सुमेधा अय्यर ने बताया कि तीन दिन पहले उन्हें एक लड़की ने कॉल कर डॉगी के घायल होने की सूचना दी थी। उन्होंने एंबुलेंस में इंदिरापुरम से डॉगी को अस्पताल मंगवाया और उसका इलाज शुरू कराया। डॉगी का एक पैर टूटा हुआ है।
शनिवार शाम को एक महिला एक युवक केसाथ पीएफए अस्पताल पहुंची और डॉगी को जबरन ले जाने लगी। उसे बताया गया कि अभी इलाज चल रहा है। इसके अलावा अगर डॉगी को ले जाना है तो लिखकर दें जाएं और ले जाएं। लेकिन उन्होंने लिखकर भी नहीं दिया। हंगामा और मारपीट की। एसएचओ अवनीश गौतम ने बताया कि जांच की जा रही है।