गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) की ओर से अंडर-16 और अंडर-19 के जनपदीय क्रिकेट ट्रायल की तारीख घोषित कर दी गई हैं। गाजियाबाद जोन में आने वाले हापुड़, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के खिलाड़ियों का ट्रायल 22 और 23 मार्च को आयोजित किए जाएंगे।
पहले 22 मार्च को गाजियाबाद कविनगर के डीएस क्रिकेट एकेडमी मैदान में सुबह नौ बजे से अंडर-16 डिस्ट्रिक्ट ट्रायल होंगे। इसके अलावा 23 मार्च को डीएस क्रिकेट एकेडमी में ही सुबह नौ बजे से अंडर-19 के ट्रायल आयोजित होंगे।
जीसीए अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने बताया कि दोनों ट्रायल में गाजियाबाद जोन में शामिल चारों जनपदों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकेंगे। ट्रायल से जनपदीय टीमों का चयन किया जाएगा। फिर डिस्ट्रिक्ट लेवल में क्रिकेट प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।