गाजियाबाद। डीएम के आदेश को ताक पर रखकर शुक्रवार को शहर के कई पब्लिक स्कूल खुले रहे। आदेश के बावजूद पब्लिक स्कूलों में पढ़ रहे नौनिहालों को राहत नहीं मिली। कड़ाके की ठंड में ठिठुरते हुए बच्चे स्कूल पहुंचे।
मौसम में अचानक परिवर्तन के बाद बृहस्पतिवार दोपहर को ही डीएम ने कक्षा आठ तक में पढ़ने वाले बच्चों की छुट्टी की घोषणा कर दी थी। यह भी स्पष्ट किया गया था कि आदेश सरकारी के साथ ही सभी पब्लिक स्कूलों पर भी लागू होगा।
इसके बाद भी शुक्रवार को शहर के कई पब्लिक स्कूल खुले। प्राइमरी क्लास के बच्चों को बुलाया गया। मालीवाड़ा, संजयनगर, राजनगर, कविनगर, नेहरूनगर, नंदग्राम आदि कॉलोनी स्थित कई स्कूलों के खुले होने की सूचना बीएसए तक भी पहुंची।
इंडीपेंडेंट स्कूल फेडरेशन के अध्यक्ष सुभाष जैन ने बताया कि कई स्कूलों को आदेश समय से नहीं मिल सका। ऐसे में स्कूल खोले गए, हालांकि क्रिसमस के बाद से कई पब्लिक स्कूलों में पहले से ही अवकाश है। दूसरी ओर बीएसए लालजी यादव ने बताया कि स्कूल खुलने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
ड्यूटी और प्रशिक्षण में लगे शिक्षकों को नहीं मिलेगा अवकाश
बीएसए लालजी यादव ने बताया कि छुट्टी के आदेश बच्चों के लिए हैं। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के ऐसे शिक्षक जिनकी ड्यूटी किसी प्रशिक्षण में या किसी भी अन्य विभागीय कार्य में लगाई गई है, वे अपना काम तय समय पर करेंगे। अवकाश उनके लिए मान्य नहीं होगा।