मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर भगवान गंज मंडी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों और पदाधिकारियों ने कॉलोनी में खुले ऑनलाइन स्टोर को बंद कराने की मांग को लेकर शनिवार को तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने समाधान दिवस पर अधिकारियों के सामने नारेबाजी की और स्टोर बंद कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
भगवान गंज मंडी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य एकत्रित होकर तहसील मुख्यालय पहुंचे और अधिकारियों के सामने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. पवन सिंघल व अरविंद अग्रवाल ने बताया कि उनकी कॉलोनी में एक ऑनलाइन स्टोर है।
स्टोर सुबह पांच बजे से रात तीन बजे तक खुला रहता है। स्टोर पर सौ से ज्यादा कर्मचारियों की आवाजाही रहती है। कर्मचारी शराब पीकर हंगामा करते हैं और अश्लील फब्तियां कसते हैं। मना करने पर झगड़ा व मारपीट पर उतारू हो जाते हैं।
स्टोर खुलने से कॉलोनी की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। महिलाएं व बच्चे घर से बाहर नहीं निकल सकते। बताया कि आठ महीने पहले कंपनी के कर्मचारियों ने वार्ता के दौरान कुछ ही समय में स्टोर वहां से हटाने की बात की थी, मगर स्टोर अभी भी वहीं है। उपजिलाधिकारी ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। इस अवसर पर सतीश चंद गुप्ता, मदन गोपाल गोयल, डॉ.विनय मित्तल, वीरेन्द्र कुमार और दीपक बंसल मौजूद रहे।