एलिवेटेड रोड और मेट्रो पिलर के बीच में आ रही एचटी लाइनों को शिफ्ट करने का काम अब मानसून के बाद होगा। गर्मियों में दिल्ली में बिजली की बढ़ती डिमांड की वजह से दिल्ली पावर कारपोरेशन ने फिलहाल गाजियाबाद को बिजली देने से मना कर दिया है। ऐसे में दिलशाद गार्डन टू नया बस अड्डा मेट्रो प्रोजेक्ट फिर अटक सकता है।
एलिवेटेड रोड और मेट्रो पिलर के बीच में कई एचटी लाइनें आ रही हैं। इनकी शिफ्टिंग के लिए मुरादनगर और लखनऊ मुख्यालय से शटडाउन लेना है। इस दौरान टीएचए में बिजली की समस्या न हो, इसके लिए दिल्ली से 100 एमवीए बिजली लेने की बात हुई थी।
दिल्ली ने बिजली देने के लिए पूर्व में हामी भर दी थी, लेकिन अब अधिकारियों ने मना कर दिया है। इस वजह से एचटी लाइन शिफ्टिंग के काम में देरी होगी। ट्रांसमिशन विभाग के अधीक्षण अभियंता यतींद्र कुमार ने बताया कि गर्मी में बिजली की मांग अधिक होने की वजह से दिल्ली ने बिजली देने से मना कर दिया है।
अब वह मानसून या फिर उसके बाद बिजली देने की बात कह रहा है। यदि दिल्ली गाजियाबाद को 100 एमवीए बिजली की सप्लाई देगा, तो उसे अपने क्षेत्र में कटौती करनी होगी।