लंबे समय से खस्ताहाल सड़कों से जूझ रहे लोगों का सब्र जवाब दे गया। गुस्साए लोगों ने मंगलवार को नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर सड़क बनाने की मांग की। उन्होंने समस्या हल न होने पर नगर निगम कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है।
शालीमार गार्डन बी ब्लाक के चंद्रशेखर पार्क से एसएम वर्ल्ड के चारों ओर की सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि निगम अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेता पप्पू पहलवान ने बताया कि 56 लाख की लागत से बनी सड़क दो दिन में ही उखड़ गई थी।
तब धरना प्रदर्शन करने पर निगम अधिकारियों ने दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने और एक माह में उक्त सड़क का निर्माण कराने का आश्वासन दिया था, मगर अब तक सड़क नहीं बनाई गई है।
प्रदर्शन में संजीव शर्मा, शैलेंद्र सक्सेना, सागर अरोड़ा राजीव मिश्रा, श्याम शर्मा, प्रमोद जोशी, यशपाल पहलवान, मनोज राघव, आलोक शर्मा, नरेंद्र कौशिक, संदीप पंडित, पंकज जैन आदि मौजूद रहे।