गाजियाबाद के मुरादनगर में सात दिन से लापता खैराजपुर गांव निवासी मुरसलीन (19) का शव गांव में ही उसकी प्रेमिका के घर में जमीन में दबा मिला। युवक के परिजनों का कहना है कि हत्या के बाद शव को जमीन में दफनाया गया और फिर बदबू खत्म करने के लिए उस पर तेजाब डाला गया। वहीं, प्रेमिका ने मुरसलीन द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है। पुलिस प्रेमिका, उसके भाई, मां व बहन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
खैराजपुर गांव में किसान यामीन परिवार सहित रहते हैं। परिवार में पत्नी संजीदा, बेटे अंसार, वाजिद, अफसर, अफजल, बिलाल, आसिफ, मुरसलीम, अमजद व तीन बेटियां है। सातवें नंबर का बेटा मुरसलीन (19) मजदूरी करता था।
11 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे मुरसलीन के मोबाइल पर एक फोन आया, जिसके बाद वह थोड़ी देर में आने की बात कहकर घर से चला गया। रात तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, काफी कोशिश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।
भाई वाजिद ने 15 अगस्त को थाने में मुरसलीन की गुमशुदगी दर्ज कराई। सीओ सदर केएन पांडेय ने बताया कि मुरसलीन का मोबाइल सर्विलांस में लगाया गया था। मंगलवार को ग्रामीण आसपास के खेतों में उसकी तलाश कर रहे थे। इसके बाद पुलिस प्रेमिका के घर पहुंची तो सोफे के नीचे की मिट्टी उठी देखी। शक होने पर खुदाई की तो करीब दो फीट नीचे मुरसलीन का शव मिला।