मुरादनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दुहाई अंडरपास के पास बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिहार के सिवान स्थित दरौंदा थाना के सतजोड़ा गांव निवासी अजय महतो परिवार के साथ मोरटा गांव में किराये के मकान में रहते थे। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बृहस्पतिवार सुबह वह साइकिल से काम पर जा रहे थे। वह दिल्ली-मेरठ मार्ग पर दुहाई अंडरपास के पास पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अजय महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। एसीपी ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।