बुलंदशहर हाईवे गैंगरेप के मामले में रविवार को सीबीआई टीम पीड़ित किशोरी के ताऊ-ताई से पूछताछ करने पहुंची। टीम ने करीब पांच घंटे की पूछताछ में ताऊ, ताई और उनके बेटे से घटना की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही घटना के दौरान के एक-एक पहलू को बारीकी से समझा। पूछताछ के दौरान कई बार ताऊ-ताई रो पडे़।
दोपहर करीब तीन बजे सीबीआई टीम के सदस्य पीड़िता के ताऊ के नोएडा स्थित आवास पर पहुंचे। टीम ने सबसे पहले पीड़िता के ताऊ के बयान दर्ज किए। उनसे इस बात की जानकारी जुटाई गई कि घटना के समय बदमाश आपस में क्या बातचीत कर रहे थे। इसके बाद ताई और उनके बेटे के भी बयान सीबीआई अधिकारियों ने दर्ज किए।
रात करीब आठ बजे टीम के सदस्य बयान दर्ज कर लौट गए। पीड़िता के पिता ने बताया कि पहले पुलिस और अब सीबीआई की पूछताछ से उन्हें उम्मीद बंधी है कि जल्द से जल्द दरिंदों को फांसी मिलेगी। बता दें कि सीबीआई टीम ने शनिवार को पीडित पिता, बेटी और मां से पांच घंटे तक पूछताछ की थी।
पानी मांगने के बहाने बदमाश को पहचाना
पीड़िता के चचेरे भाई ने टीम को बताया कि घटना के दौरान बदमाशों ने उन्हें धमकाया था कि ऊपर की ओर देखा तो जान से मार देंगे। इसके बाद वह लगातार जमीन की ओर देख रहा था। जब उन्होंने बदमाशों से पानी मांगा, तो ऊपर देखकर एक बदमाश की पहचान की। उसने बताया कि बदमाशों को देखने के लिए ही उसने पानी मांगने का बहाना किया था।