विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित हाईवे पर एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
मृतक रोहित (34) सुदामा पुरी विजयनगर में परिवार के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार रोहित साथी संजय निवासी बहरामपुर के साथ शनिवार दोपहर करीब एक बजे बाइक से घर लौट रहे थे। वह जब एनएच-24 स्थित संतोष मेडिकल कालेज कट के सामने पहुंचे तभी दिल्ली की ओर से लालकुआं की ओर जा रहे तेज रफ्तार एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर वहां से भाग गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने संजय को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और रोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएचओ विजयनगर नीरज कुमार ने बताया कि संजय टेंट कारोबारी है और उसकी बहरामपुर में ही टेंट की शॉप है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
ट्रक ने महिला को कुचला
थाना क्षेत्र के एनटीपीसी रोड पर शुक्रवार को स्कूटी से गिरी महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई है। मृतका शबनम (40) निवासी पिपलेडा हापुड़ अपने बेटे अमजद और चार साल की बेटी दरक्षा के साथ स्कूटी पर सवार होकर शॉपिंग के लिए मसूरी जा रही थीं।
शबनम एक आलिमा थीं। वह एनटीपीसी रोड पर पहुंचे थे तभी एक ब्रेकर आया और वह स्कूटी से नीचे गिर गई, तभी पीछे आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हालांकि अमजद और आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को दबोच लिया था, लेकिन बाद में परिजनों ने ट्रक चालक की गलती नहीं बताते हुए उसके खिलाफ तहरीर नहीं दी। एसएचओ का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद ही पुलिस कार्रवाई करेगी।