गंगाघाट पर सोमवार को गंगनहर में नहा रहे बीटेक छात्र समेत दो लोग बह गए। पुलिस ने मंदिर के गोताखोरों की मदद से उनकी नहर में तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। गोताखोरों ने आठ लोगों को डूबने से बचाया। एक सप्ताह में करीब नौ लोगों की नहर में डूबने से मौत हो चुकी है।
बिहार लखी सराय निवासी अभिनव (25) मेरठ स्थित सुभारती कालेज से बीटेक कर रहा है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे छात्र अभिनव अपने दोस्त गौरव, अली, निशांत और अभिषेक के साथ गंगनहर में नहाने आया था। नहाते वक्त अभिनव गहरे पानी में चला गया। खुद को डूबता देख चिल्लाने लगा।
मंदिर के गोताखोरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह गंगनहर के तेज बहाव में बह गया। पुलिस ने मंदिर के गोताखोरों की मदद उसकी तलाश की।उधर, गाजियाबाद भोपुरा कृष्णा विहार कुटी निवासी धर्मेंद्र उर्फ कालू (30) पुत्र पीतम सिंह सोमवार शाम करीब पांच बजे अपने दोस्त रूपेश, दीपक और अनुज के साथ गंगनहर में नहाने आया था।
नहाते वक्त धर्मेंद्र, रूपेश और अनुज नहर के गहरे पानी में डूबने लगे। सभी के चिल्लाने पर मंदिर के गोताखोरों ने रूपेश और अनुज को बाहर निकाल लिया, जबकि धर्मेंद्र नहर में बह गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की। लेकिन उसका पता नहीं चल सका। एसपी देहात ओमप्रकाश ने बताया कि दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।