क्रॉसिंग्स रिपब्लिक की पंचशील सोसायटी की 13वीं मंजिल से कूदकर एक महिला (33) ने शुक्रवार शाम जान दे दी। आत्महत्या की वजह उसका टीबी की बीमारी से परेशान होना बताया गया है। सुसाइड नोट में भी महिला ने इस घटना का जिम्मेदार खुद को बताया है। विजयनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नोएडा स्थित एक बीपीओ में वाइस प्रेजीडेंट विशाल विलास का पंचशील सोसायटी में फ्लैट है। विशाल मोहननगर के रहने वाले हैं, लेकिन लंबे समय से पंचशील सोसायटी की 13वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रहते हैं।
छह जनवरी 2013 को उनकी शादी दिल्ली लोरेंस रोड निवासी सुपर्र्णा से हुई थी। शादी के बाद फ्लैट में विशाल विलास पत्नी सुपर्णा विलास, ससुर स्टीफन और दो बच़्चों के साथ रहते हैं। पत्नी सुपर्णा घरेलू महिला थी, वह चार माह से टीबी की बीमारी से परेशान रहती थी।
विशाल ने बताया कि शुक्रवार दोपहर साढे़ तीन बजे वह ऑफिस गए थे। फ्लैट में पत्नी, ससुर और उनके बच्चे थे। परिजनों ने बताया कि शाम पांच बजे बजे सुपर्णा ने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी। उनके सिर में गंभीर चोट आई, मौके पर ही मौत हो गई।
ससुर ने बताया कि उस वक्त वह फ्लैट में सो रहे थे, बेटी की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो उन्हें घटना का पता चला। इसके बाद उन्होंने दामाद को जानकारी दी। घटना से सोसायटी में हड़कंप मच गया, आसपास के लोगों ने कंट्रोल रूम में सूचना दी तो विजयनगर पुलिस ने मौका मुआयना किया।
एसओ विजयनगर सुरेंद्र यादव ने बताया कि फ्लैट से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें महिला ने लिखा है कि ‘मैं खुद को मार रही हूं, इसके लिए मैं जिम्मेदार हूं।’ परिजनों ने बताया कि सुपर्णा पूर्व में भी हाथ की नस और नींद की गोलियां खाकर सुसाइड की कोशिश कर चुकी थी।