छात्रा को अगवा कर रेप मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया गया। दूसरी तरफ, मेडिकल में रेप की पुष्टि हो गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपी दीपक निवासी विजय नगर से पूछताछ के बाद कार्यवाहक एसपी सिटी राजेश कुमार ने प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि दोनों की पिछले एक साल से दोस्ती है।
उसने छात्रा का कार से अपहरण नहीं किया था। वह दोनों ऑटो में लोनी गए थे। रात में प्राइमरी स्कूल में रुके थे। बुधवार सुबह दीपक की मौसी ने दोनों को साथ घूमते देख लिया और यह बात दीपक की मां को बता दी।
उसकी मां मोहन नगर चौराहा पर पहुंच गई, जहां उसने उसे और छात्रा को ऑटो से उतरते हुए पकड़ लिया। इसके बाद वह छात्रा को उसके घर के बाहर छोड़कर चली गई। दूसरी तरफ, छात्रा के परिजनों का कहना है कि आरोपी झूठ बोल रहा है।
पुलिस भी बाकी तीनों आरोपियों को बचाने के लिए वारदात को तोड़ मरोड़ रही है। शुक्रवार को वह इस संबंध में एसएसपी से शिकायत करेंगे। बता दें कि मंगलवार रात ट्यूशन को गई 11वीं की छात्रा गायब हो गई थी। बुधवार को छात्रा अर्द्धबेहोशी की हालत में एनएच-24 पर मिली थी।
उसके बयानों के आधार पर उसके परिजनों ने विजय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें दीपक और एक महिला समेत चार लोगों पर कार से उसे अगवा कर ले जाने और रेप करने का आरोप लगाया था। देर रात पुलिस ने दीपक को तिगरी कट से गिरफ्तार कर लिया था।
वह भी 11वीं का छात्र है। रात में नोएडा सेक्टर-63 स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में नौकरी करता है। पुलिस को उसने पहले नाबालिग बताया था, हालांकि बृहस्पतिवार को उसके डॉक्यूमेंट देखे गए तो उसकी उम्र 19 साल (बालिग) निकली।